Edited By Kuldeep, Updated: 18 Jun, 2025 06:41 PM

जिले के उपमंडल घुमारवीं के कंदरौर कस्बे के साथ लगते घुमाणी चौक के 23 वर्षीय आर्यन चंदेल पुत्र विचित्र सिंह चंदेल के संबंध में एक दुखद खबर सामने आई है।
घुमारवीं (जम्वाल): जिले के उपमंडल घुमारवीं के कंदरौर कस्बे के साथ लगते घुमाणी चौक के 23 वर्षीय आर्यन चंदेल पुत्र विचित्र सिंह चंदेल के संबंध में एक दुखद खबर सामने आई है। आर्यन जर्मनी के म्यूनिख शहर में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था, जो जर्मनी के बवेरिया राज्य की राजधानी है। वह गत वर्ष 2024 में ही जर्मनी में एमबीए की पढ़ाई करने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि 15 जून रविवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे एक झील में तैरने गया था, जिसके बाद से वह लापता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आर्यन एक कुशल तैराक भी था। बावजूद इसके उसके डूबने की बात कही जा रही है।
यह हादसा स्थानीय लोगों के अनुसार झील में तैरते समय हुआ, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक न तो उनका शव मिल पाया है और न ही कोई सुराग और न ही यह पुष्टि हो पाई है, कि वह जीवित है या नहीं। इस घटना से आर्यन के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। 4 दिन पहले फादर-डे के दिन वह अपने दोस्तों के साथ एक झील के किनारे घूमने गया था। उसने उस दिन अपने चाचा को कॉल कर विश भी किया था।
लेकिन उसी रात परिजनों को करीब रात 10 बजे एक कॉल आई कि आर्यन झील में डूब गया है और तब से वह लापता है। परिजनों का कहना है कि उस दिन से लेकर आज तक आर्यन की कोई खबर नहीं मिली है। सिर्फ यही बताया जा रहा है कि रैस्क्यू ऑप्रेशन जारी है। परिजनों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, मंत्री राजेश धर्माणी और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके बेटे की तलाश में तेजी लाई जाए और विदेश मंत्रालय के माध्यम से जर्मन सरकार से संपर्क कर हरसंभव मदद ली जाए।