Edited By Jyoti M, Updated: 30 Jun, 2025 03:45 PM

हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। पार्टी के शिमला स्थित दीप कमल मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें तय समय सीमा तक केवल डॉ. राजीव बिंदल ने ही नामांकन पत्र...
शिमला: हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। पार्टी के शिमला स्थित दीप कमल मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें तय समय सीमा तक केवल डॉ. राजीव बिंदल ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया। एकमात्र उम्मीदवार होने के चलते अब डॉ. बिंदल का प्रदेशाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। मंगलवार को पीटरहॉफ शिमला में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे।
चर्चा में थे कई नाम, पर नामांकन केवल बिंदल ने भरा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सात से आठ नामों की चर्चा जरूर थी, लेकिन किसी ने भी अंतिम समय तक नामांकन दाखिल नहीं किया। चुनाव अधिकारी डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12 बजे से लेकर 2 बजे तक नामांकन भरने की प्रक्रिया चली। नाम वापसी की समय सीमा शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई थी, लेकिन बिंदल के अतिरिक्त किसी अन्य ने न तो नामांकन दाखिल किया और न ही वापसी की आवश्यकता पड़ी।
राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्य भी होंगे चयनित
प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के लिए भी आठ सदस्यों का चयन किया जाएगा। इसके लिए भी नामांकन सोमवार को ही दाखिल किए गए। इन पदों के लिए गोविंद सिंह ठाकुर, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, रश्मि धर सूद, पायल वैद्य, राजीव सैजल, संजीव कटवाल, और पवन काजल ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
छह महीने से चल रहा था इंतजार, अब खत्म
बीजेपी में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पिछले छह महीनों से इंतजार और अटकलों का दौर जारी था। पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच इसको लेकर चर्चा लगातार बनी हुई थी। अब जबकि केवल डॉ. बिंदल ने ही नामांकन किया है, मंगलवार को उनकी ताजपोशी औपचारिक रूप से तय मानी जा रही है।
बिंदल को हाईकमान और आरएसएस का समर्थन
डॉ. राजीव बिंदल का पार्टी संगठन में लंबा अनुभव रहा है। वह तीन वर्षों से अधिक समय से प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में वे नाहन सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अजय सोलंकी से हार गए थे, लेकिन पार्टी के अंदर उनकी पकड़ और संगठनात्मक कौशल को देखते हुए उन्हें फिर से मौका मिल रहा है। सूत्रों के अनुसार, उनके नाम पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने समर्थन जताया है। साथ ही, बिंदल का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी गहरा जुड़ाव रहा है, जो उनके दोबारा चयन में एक प्रमुख कारण माना जा रहा है।