Edited By Vijay, Updated: 16 Jul, 2023 09:08 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रविवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के उद्देश्य से एक डिजिटल प्लेटफार्म का शुभारंभ करते हुए आपदा राहत कोष-2023 वैबसाइट लॉन्च की।
शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रविवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के उद्देश्य से एक डिजिटल प्लेटफार्म का शुभारंभ करते हुए आपदा राहत कोष-2023 वैबसाइट लॉन्च की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दानी सज्जन डैबिट कार्ड, क्रैडिट कार्ड, नैट बैंकिंग, क्यूआर कोड और यूपीआई जैसी विभिन्न भुगतान विधियों का उपयोग करके कहीं से भी इस आपदा राहत कोष-2023 में अंशदान कर सकते हैं। इसके लिए हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी तथा एचडीएफसी बैंक के अकाऊंट नंबर जारी किए गए हैं।
ऑनलाइन अंशदान के लिए पारदर्शी वैब लिंक विकसित किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश के कारण आई विपदा से प्रदेश को उबारने के लिए देश और विदेश से लोगों ने सहायता करने की इच्छा व्यक्त की है। लोग सुविधाजनक तरीके से सहायता राशि उपलब्ध करवा सकें, इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं गवर्नैंस विभाग ने एक पारदर्शी वैब लिंक विकसित किया है। इस लिंक के माध्यम से कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन अंशदान कर सकता है और अपने मोबाइल डिवाइस पर रसीद प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि निर्बाध लेन-देन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रणाली को कई भुगतान गेटवे के साथ एकीकृत किया गया है।
लोगों से अधिक से अधिक अंशदान करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले कुछ दिनों के भीतर विदेशी दानकर्ताओं के लिए ऑनलाइन दान की सुविधा उपलब्ध करवाने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने सभी से प्रदेश को इस तबाही से उबारने में मदद के लिए अधिक से अधिक अंशदान करने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, डिजिटल टैक्नोलॉजी एवं गवर्नैंस विभाग के सचिव डाॅ. अभिषेक जैन, निदेशक मुकेश रेपस्वाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
एक माह का वेतन दान देने का लिया निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं व मंत्रिमंडल के सहयोगियों व कांग्रेस के सभी विधायकों ने इस कोष के लिए अपना एक माह का वेतन दान करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने 50 वर्षों में आई भीषण आपदा की स्थिति की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को भारी वर्षा के कारण अत्यधिक नुक्सान का सामना करना पड़ा है।
अब तक राहत कोष में 50 लाख हुए जमा
सीएम ने कहा कि अभी तक आपदा राहत कोष में 50 लाख की राशि जमा हो गई है। आपदा के समय जिन बसों में ओवर चार्ज की शिकायत आई थी, उस पर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here