Himachal: जेपी नड्डा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से सम्माजनक विदाई, नितिन नबीन को बनाया कार्यकारी अध्यक्ष

Edited By Vijay, Updated: 14 Dec, 2025 09:04 PM

dignified departure of jp nadda from post of national president

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से जगत प्रकाश नड्डा की सम्मानजनक विदाई हुई है। पार्टी ने नितिन नबीन को पार्टी का नया कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। जगत प्रकाश नड्डा की केंद्र में भाजपा यानि एनडीए को तीसरे बार सत्ता में लाने में अहम भूमिका रही।

शिमला (भूपिन्द्र): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से जगत प्रकाश नड्डा की सम्मानजनक विदाई हुई है। पार्टी ने नितिन नबीन को पार्टी का नया कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। जगत प्रकाश नड्डा की केंद्र में भाजपा यानि एनडीए को तीसरे बार सत्ता में लाने में अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व में बिहार, यूपी व महाराष्ट्र में एनडीए को प्रचंड जीत मिली है। जब नड्डा ने अपना अध्यक्ष पद छोड़ा तो देश में भाजपा के सबसे अधिक सांसद व विधायक हैं। यानि देश में भाजपा शिखर पर है। जगत प्रकाश नड्डा जून 2019 में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने थे तथा जनवरी 2020 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। उनका कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो गया था तथा तब से उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था। उन्हें बिहार व अन्य चुनावों के कारण सेवा विस्तार दिया गया था, जिसमें वह पूर्ण रूप से सफल रहे। हालांकि उनके नेतृत्व में भाजपा हिमाचल विधानसभा चुनाव हार गई थी, लेकिन अन्य बड़े राज्यों में उन्होंने पार्टी को प्रचंड जीत दिलाई है। नड्डा के कार्यकाल में भाजपा देश में शिखर पर पहुंच गई है। हाल ही में बिहार की सम्मानजनक जीत के बाद नड्डा को पार्टी ने विदाई दी है। पार्टी अध्यक्ष पद से विदाई से पहले नड्डा ने हिमाचल प्रदेश भाजपा को राज्य कार्यालय दिया तथा शिमला में एक जनसभा भी की। अब नड्डा अपना पूरा फोकस स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन व उर्वरक मंत्रालय पर करेंगे। नड्डा के नेतृत्व में ही नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। 

वर्ष 1993 में पहली बार विधायक बने थे जेपी नड्डा
मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले जेपी नड्डा का जन्म बिहार की राजधानी पटना में 2 दिसम्बर, 1960 को हुआ था। पटना विश्वविद्यालय से बीए करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की। युवावस्था में जय प्रकाश नारायण द्वारा चलाए गए विभिन्न आंदोलनों में सक्रियता से प्रतिभाग किया। नड्डा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और 1989 में एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री चुने गए। वर्ष 1991 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए। वर्ष 1993 में पहली बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विधायक बने और नेता प्रतिपक्ष चुने गए। वर्ष 1998 में दोबारा चुनाव जीते और भाजपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने। 2010 में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए। 2012 में राज्यसभा सदस्य के रूप में चुने गए। 2014-2019 तक भारत सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की कमान संभाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी तीसरे कार्यकाल में भी नड्डा पर पूरा विश्वास जताते हुए उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा रसायन व उर्वरक मंत्रालय का भी जिम्मा दिया है।

हिमाचल की राजनीति में हो सकती है वापसी
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से विदाई होने के बाद अब जगत प्रकाश नड्डा की हिमाचल की राजनीति में वापसी हो सकती है। हालांकि वर्तमान में वह केंद्र में मोदी कैबिनेट में मंत्री हैं, लेकिन राज्य में 2 वर्ष बाद 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में मोदी उनके अनुभव का हिमाचल में भी फायदा ले सकते हैं। इससे पहले भी नड्डा बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं तथा धूमल मंत्रिमंडल में मंत्री भी रह चुके हैं।

जेपी नड्डा सहित प्रदेश भाजपा नेताओं ने दी नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष को बधाई
जगत प्रकाश नड्डा ने अपने सोशल मीडिया पेज से नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि ज्ञान और संस्कृति की पुण्यधरा बिहार के ओजस्वी भाजपा नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर आत्मीय बधाई देता हूं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं नबीन के नेतृत्व में संगठन राष्ट्र व जनसेवा की भावनाओं के साथ नए आयाम स्थापित करेगा। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर नितिन नबीन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन एक कर्मठ, ऊर्जावान एवं संगठननिष्ठ कार्यकर्त्ता हैं। उनके पास संगठन और शासन दोनों का समृद्ध अनुभव है। उन्होंने जनसेवा और संगठन सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। भाजपा नितिन नबीन के नेतृत्व, परिश्रम और समर्पण से और अधिक मजबूत होगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में वह पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, डाॅ. सिकंदर कुमार, इंदू गोस्वामी, राजीव भारद्वाज सहित भाजपा विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, प्रदेश मीडिया संयोजक करन नंदा ने भी नितिन नबीन को बधाई दी है।

नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिचय
भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का जन्म 23 मई, 1980 को रांची (झारखंड) में हुआ था। इनके पिता स्वर्गीय नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम से 4 बार विधायक रहे। नितिन नबीन स्वयं 5 बार से लगातार बिहार विधानसभा के सदस्य हैं। वह पहली बार 2006 में पटना पश्चिम सीट से विधायक चुने गए। उसके बाद वर्ष 2010, 2015, 2020 और 2025 में बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार विधायक चुने गए। वह 2010 से 2013 तक भारतीय युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर रहे तथा 2016 से 2019 तक बिहार भायुमो के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2019 में सिक्किम राज्य के भाजपा प्रभारी रहे तथा 2021 में बिहार सरकार में सड़क निर्माण विभाग मंत्री का पदभार संभाला। वर्तमान में वह बिहार सरकार में सड़क निर्माण और शहरी विकास एवं आवास मंत्री के पद पर हैं।

Related Story

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!