Edited By Kuldeep, Updated: 17 Feb, 2025 05:45 PM
![dharamshala cm sukhu drug addiction joint campaign jairam](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2025_2image_17_44_495224445jairam1235-ll.jpg)
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में नशे का प्रचलन लगातार बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर प्रदेश रेंगता-लड़खड़ता हुआ हिमाचल प्रदेश बन रहा है।
धर्मशाला (विवेक): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में नशे का प्रचलन लगातार बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर प्रदेश रेंगता-लड़खड़ता हुआ हिमाचल प्रदेश बन रहा है। सोमवार को धर्मशाला दौरे पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रैस वार्ता के दौरान बताया कि कांग्रेस कार्यकाल में प्रदेश तबाही की ओर जा रहा है। उन्होंने बताया कि नशे की प्रवृत्ति के कारण प्रदेश का युवा बर्बाद हो रहा है। प्रदेश में भाजपा कार्यकाल के दौरान हिमाचल के होम डिपार्टमैंट में नशे पर चर्चा के दौरान नशे से संबंधित एफआईआर में हिमाचल के बाहर के राज्यों के लोगों के नाम निकल कर आए थे। नशे को प्रदेश में लाने वाले लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों के साथ बात कर नशे पर संयुक्त कदम उठाए गए और आगे भी उठाने चाहिए, ताकि इन नशा सरगनाओं को दबोचा जा सके।
जयराम ने बताया कि नशे के बढ़ रहे प्रचलन को लेकर प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री ने एक भी बैठक नहीं की। हालांकि राज्यपाल ने नशे पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सीएम सुक्खू से अपील की है कि नशे के उन्मूलन को लेकर संयुक्त अभियान चलाएं। इसमें विपक्ष भी उनका साथ देगा। वहीं अगर सरकार इस विषय पर आगे नहीं आएगी तो वह अपने स्तर पर नशे को जड़ से उखाड़ने की मुहिम चलाएंगे। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा के विधायक पवन काजल, धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, धर्मशाला भाजपा मंडल शहरी अध्यक्ष डा. विशाल नैहरिया, संगठनात्मक जिला कांगड़ा अध्यक्ष सचिन शर्मा व भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु मौजूद रहे।
नशे की लत से 2 साल में 100 युवा गंवा चुके अपनी जान
जयराम ने आंकड़ों पर बात करते हुए बताया कि नशे के चलते प्रदेश में बीते 2 सालों में 100 युवा अपनी जान गंवा चुके हैं। हाल ही में ओवरडोज के कारण युवाओं की मौत के मामले सामने आए हैं। देवभूमि हिमाचल के दूरदराज क्षेत्रों में भी अब नशीले पदार्थों को पकड़ा जा रहा है। वहीं विधानसभा में पेश आंकड़ों की बात करें तो 2023-24 में नशे की ओवरडोज के कारण 11 मौतें हो चुकी हैं।
एक हफ्ते में 10 हजार नौकरियों की बात
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से पहले 20,000 नौकरियां देने की बात कही गई। उसके बाद यह आंकड़ा 31,000 पहुंचा, जबकि अब बीते सप्ताहों में 41,000 नौकरियां देने की बात कही जा रही है। एक सप्ताह में 10,000 नौकरियां देने की बात कहना समझ से परे है। हालांकि प्रदेश में हाल ही में हुई एक भर्ती में बड़े-बड़े नेताओं का नाम आ रहा है।