Edited By Vijay, Updated: 04 Feb, 2026 07:02 PM

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) डरोह में आयोजित रोजगार संकल्प एवं चिट्टा विरुद्ध शपथ समारोह एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना।
डरोह (अजय): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) डरोह में आयोजित रोजगार संकल्प एवं चिट्टा विरुद्ध शपथ समारोह एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और हाल ही में पुलिस विभाग में भर्ती हुए 1253 नए कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
पीटीसी के इतिहास में पहली बार सीएम ने बांटे नियुक्ति पत्र
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री ने स्वयं प्रशिक्षण कॉलेज में आकर नवनियुक्त जवानों को नियुक्ति पत्र बांटे हों। इस दौरान नए कांस्टेबलों के अभिभावक भी मौजूद रहे, जिससे माहौल और भी गौरवमय हो गया। नियुक्ति पाने वालों में 746 पुरुष, 390 महिलाएं और 117 भूतपूर्व सैनिक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदेश में बढ़ते नशे के खिलाफ सीएम ने दिखाए कड़े तेवर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ते नशे (चिट्टा) के कारोबार के खिलाफ कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने पीटीसी में मौजूद जनसमूह और पुलिस कर्मियों को चिट्टे और मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता शपथ दिलाई। सीएम सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि चिट्टा हमारे बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य में सबसे बड़ी बाधा है। इसलिए हमारी सरकार ने इसके खिलाफ सीधी लड़ाई छेड़ी है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से इस जन आंदोलन का हिस्सा बनने का आह्वान किया और उम्मीद जताई कि युवा शक्ति ही हिमाचल को नशामुक्त बनाने में सरकार का साथ देगी।
पुलिस कर्मियों ने किया शानदार प्रदर्शन
समारोह के दौरान पुलिस जवानों ने अपने कौशल का भी प्रदर्शन किया। प्रदेश पुलिस कर्मियों ने विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया, वहीं महिला कर्मियों ने मार्शल आर्ट और वेपन टैक्टिक्स के जरिए अपनी शक्ति और निपुणता का परिचय दिया।