Shimla: हिमाचल की स्वास्थ्य सेवाओं में होने जा रहा ये बड़ा बदलाव, CM ने दिए निर्देश...10 दिन में मांगी रिपोर्ट

Edited By Vijay, Updated: 08 Jan, 2026 03:14 PM

cm sukhvinder singh sukhu

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, नैशनल हैल्थ मिशन और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम...

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, नैशनल हैल्थ मिशन और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की। यह समिति डिजिटलीकरण की रूपरेखा तैयार कर 10 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।

मरीजों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन सुविधाओं से न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। इसी दृष्टि से उन्होंने प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और अस्पतालों में मरीजों के पंजीकरण के लिए एक ऑनलाइन प्रणाली विकसित करने के सख्त निर्देश दिए, जिससे आम जनता को लंबी कतारों से मुक्ति मिल सके।

हिमकेयर और आभा कार्ड का एकीकरण
मुख्यमंत्री  सुक्खू ने हिमकेयर योजना को और प्रभावी बनाने के लिए पंचायत स्तर तक इसकी मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसमें मरीजों के उपचार से जुड़े डाटा को भी शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने आभा कार्ड को हिम परिवार पोर्टल के साथ एकीकृत करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री का मानना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों की शिकायतों का निवारण त्वरित गति से हो सकेगा।

स्वस्थ नागरिक-सशक्त राज्य और जाइका का सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से भविष्य की बेहतर योजनाएं बनाने और प्रभावी निर्णय लेने में मदद मिलेगी, जिससे स्वस्थ नागरिक-सशक्त राज्य का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि जापान इंटरनैशनल कोऑप्रेशन एजैंसी (जाइका) के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है ताकि अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा सके।

बैठक में ये रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल के अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, स्वास्थ्य सचिव प्रियंका बासु इंगटी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!