Edited By Vijay, Updated: 10 Jul, 2025 05:53 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने थुनाग दौरे के दौरान एक अहम घोषणा करते हुए क्षेत्र के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) बोर्ड से जोड़ने का ऐलान किया।
थुनाग/मंडी (ख्यालीराम): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने थुनाग दौरे के दौरान एक अहम घोषणा करते हुए क्षेत्र के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) बोर्ड से जोड़ने का ऐलान किया। यह घोषणा उस समय की गई जब मुख्यमंत्री राहत और पुनर्वास कार्यों का जायजा लेने के दौरान एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) की छात्राओं से मिले, जो आपदा प्रभावित सराज क्षेत्र में सक्रिय रूप से सेवा कार्यों में जुटी थीं।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से बातचीत के दौरान उनके स्कूल की स्थिति के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि उनके विद्यालय में 350 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जब मुख्यमंत्री ने पूछा कि स्कूल के लिए क्या जरूरत है, तो छात्राओं ने एक स्वर में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग की।
छात्राओं की इस मांग पर मुख्यमंत्री ने तुरंत निर्णय लेते हुए घोषणा की कि थुनाग का यह स्कूल अब सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध होगा। इस स्कूल में पहली कक्षा से लेकर बारहवीं तक की पढ़ाई अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पाठ्यक्रम के अनुसार करवाई जाएगी। इस घोषणा से छात्राओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने कहा कि वे सराज क्षेत्र में चल रहे राहत व पुनर्वास कार्यों में हरसंभव सहयोग करेंगी और समाज सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाएंगी।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि आप सभी जिस निष्ठा और समर्पण से राहत कार्यों में जुटी हैं, वह सराहनीय है। इसी भावना से अगर आप पढ़ाई करेंगी और समाज सेवा में आगे बढ़ेंगी, तो हिमाचल का भविष्य सुनहरा होगा।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक