Edited By Vijay, Updated: 28 Jul, 2023 06:28 PM

कुल्लू जिला की ऊझी घाटी में वीरवार रात बादल फटने से बाहंग नाले में बाढ़ आ गई। आधी रात को आई बाढ़ से पुलिया मलबे से ढक गई, जिससे नाले के पानी ने सड़क की ओर रुख कर लिया।
कटराईं (ब्यूरो): कुल्लू जिला की ऊझी घाटी में वीरवार रात बादल फटने से बाहंग नाले में बाढ़ आ गई। आधी रात को आई बाढ़ से पुलिया मलबे से ढक गई, जिससे नाले के पानी ने सड़क की ओर रुख कर लिया। जब बाढ़ आई तो लोग घरों में सो रहे थे जोकि बाढ़ की खबर सुनकर जाग गए तथा उसके बाद डर के साए में रात काटी। बीआरओ की सतर्कता से जानी नुक्सान नहीं हुआ है। बीआरओ ने रात करीब 2 बजे मशीनरी मौके पर भेज दी और पानी का रुख नदी की ओर कर दिया। बाढ़ का पानी लगभग 50 दुकानों में घुस गया, जिससे उन्हें भारी नुक्सान हुआ है, वहीं कुछ दुकानों, घरों व ढाबों में मलबा भी भर गया है। पूर्व बीडीसी. सदस्य गोकल चंद व ग्रामीणों संजू, रमेश व अंकित ने बताया कि आधी रात नाले में जोर की आवाज सुनाई दी, बाहर निकलकर देखा तो नाले का जल स्तर खतरनाक हद तक बढ़ गया था जिसके बाद उन्होंने बिना कोई समय गंवाए गांववासियों को सतर्क किया।
बीआरओ की मशीनरी ने बदला नाले का रुख
बीआरओ ने रात 2 बजे मशीनरी घटनास्थल की ओर भेजी। समय रहते मलबा सड़क से हटाकर पानी का रुख नदी की ओर किया, जिससे जानी नुक्सान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि बाहंग के पुराने प्राइमरी स्कूल से लेकर डीजीआरई के परिसर व बीआरओ कालोनी तक नाले का मलबा फैल गया। इससे मनाली-लेह सड़क भी बाधित हो गई।
क्या बोले एसडीएम मनाली
एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने बताया कि बाढ़ से हुए नुक्सान का जायजा लिया जा रहा है। वहीं बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि बाढ़ से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। बीआरओ ने मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here