Edited By Vijay, Updated: 26 Feb, 2026 02:31 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए 2 बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में...
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए 2 बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए टैक्सी सवार तीन युवकों से चिट्टा और एक बाइक सवार से भारी मात्रा में चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस थाना सदर की टीम ने बीती रात कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान कीरतपुर की तरफ से आ रही एक टैक्सी (HP 01M-3272) को जांच के लिए रोका गया। टैक्सी में तीन युवक सवार थे। पुलिस ने जब शक के आधार पर उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से 7.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान तुजेंद्र कुमार (25) निवासी लंबा थाच (मंडी), भूपेंद्र (19) निवासी मरोट (मंडी) और यशपाल (18) निवासी मंडप (मंडी) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई वीरवार सुबह करीब पौने चार बजे हुई। सदर थाना पुलिस ने फोरलेन पर पट्टा के पास नाकाबंदी के दौरान मंडी-भराड़ी की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल (HP 22B-7656) को रोका। जांच के दौरान बाइक सवार राजीव कुमार (41) निवासी गांव धनेड, जिला हमीरपुर के कब्जे से 359.76 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की मुहिम जारी है। दोनों मामलों में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here