Edited By Vijay, Updated: 08 Jun, 2025 04:48 PM

पैराग्लाइडिंग के लिए प्रसिद्ध क्योर लैंडिंग साइट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लैंडिंग के दौरान एक पायलट का पैराग्लाइडर अचानक एक बेसहारा पशु से टकरा गया, जिससे लैंडिंग प्रक्रिया बाधित हो गई।
बैजनाथ (सुरिन्द्र): पैराग्लाइडिंग के लिए प्रसिद्ध क्योर लैंडिंग साइट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लैंडिंग के दौरान एक पायलट का पैराग्लाइडर अचानक एक बेसहारा पशु से टकरा गया, जिससे लैंडिंग प्रक्रिया बाधित हो गई। गनीमत यह रही कि पायलट ने समय रहते सतर्कता दिखाते हुए हार्नेस खोलकर खुद को पैराग्लाइडर से अलग कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद बेसहारा पशु पैराग्लाइडर में उलझकर लैंडिंग साइट पर बेकाबू होकर दौड़ने लगा, जिससे मौके पर मौजूद पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई।
बता दें कि छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक स्थल पर मौजूद थे, जिन्हें जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। यह पैराग्लाइडर बिलिंग एडवैंचर पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन से संबंधित था, जिसे घटना में भारी नुक्सान उठाना पड़ा। एसोसिएशन के अध्यक्ष राज कुमार अबरोल ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिलिंग से हर फ्लाइंग पर प्रशासन 75 रुपए शुल्क वसूलता है, लेकिन लैंडिंग साइट की सुरक्षा के लिए कोई जिम्मेदार व्यक्ति तैनात नहीं है। यहां घूम रहे बेसहारा पशु हर समय हादसे को निमंत्रण देते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लैंडिंग साइट पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बेसहारा पशुओं को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हो सकें।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक