Weather Update: हिमाचल में ठंड हुई प्रचंड, 6 दिसम्बर से बदलेगा माैसम, बर्फबारी के आसार

Edited By Vijay, Updated: 03 Dec, 2025 09:21 PM

weather update

राज्य में अब पारा लगातार गिर रहा है। दिसम्बर में प्रचंड ठंड पड़ रही है और मंगलवार रात राज्य में इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई है। जनजातीय इलाकों में ठंड भयंकर स्तर पर पहुंच चुकी है।

शिमला (संतोष): राज्य में अब पारा लगातार गिर रहा है। दिसम्बर में प्रचंड ठंड पड़ रही है और मंगलवार रात राज्य में इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई है। जनजातीय इलाकों में ठंड भयंकर स्तर पर पहुंच चुकी है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 9.8 डिग्री सैल्सियस तक लुढ़क गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। बीती रात यहां पारा करीब 2 डिग्री गिरा और पानी के स्रोत जम गए। इसी तरह अन्य जनजातीय क्षेत्रों कुकुमसेरी में माइनस 3.9 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में माइनस 1.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि केलांग का पारा भी माइनस में चला हुआ है। 

पिछले एक माह से बारिश न के बराबर
राज्य में सूखी सर्दी लोगों को परेशान कर रही है, क्योंकि पिछले एक माह से बारिश न के बराबर हुई है। नवम्बर में बारिश सामान्य से 95 प्रतिशत कम रही। बारिश न होने से फसलों की बिजाई का काम प्रभावित हुआ है और किसान बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पहाड़ी पर्यटन स्थलों में भी कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। मनाली में न्यूनतम पारा 1.9 डिग्री और शिमला के पास स्थित कुफरी में 4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि राजधानी शिमला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 2.6, भुंतर 2.6, पालमपुर 4.5, सोलन 2.8, हमीरपुर 4.0, मंडी 8.1, बिलासपुर 6.0, नाहन 9.7, ऊना 5.5, कांगड़ा 4.5, मनाली 1.9, जुब्बड़हट्टी 7.2, सराहन 5.0, देहरागोपीपुर 6.0 और नारकंडा का 2.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

कोहरे ने बढ़ाईं लोगों की मुश्किलें 
तटीय व मैदानी क्षेत्रों में प्रचंड ठंड के साथ कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बुधवार सुबह बिलासपुर में दृश्यता घटकर 50 मीटर, सुंदरनगर में 70 मीटर और मंडी में 100 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने 4 व 5 दिसम्बर को मंडी व बिलासपुर सहित निचले क्षेत्रों में सुबह व शाम घने कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया है, जबकि आज राज्य में मौसम साफ बना हुआ है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम दर्ज किया गया, वहीं बीते 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

2 दिन मौसम साफ रहने की संभावना 
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 2 दिन यानी 5 दिसम्बर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। 6 दिसम्बर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। 7 दिसम्बर को मौसम साफ होगा। 8 दिसम्बर को फिर ऊपरी इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है और 9 दिसम्बर को प्रदेश में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है। बुधवार को राज्य के ऊना में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और राजधानी शिमला में 15.4 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान कम होने लगा है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!