Edited By Vijay, Updated: 26 Jun, 2025 10:34 PM

केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामले मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी आज संविधान की झूठी दुहाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसने आपातकाल के समय जेलों में बंद लोगों को अपने परिजनों के...
शिमला (कुलदीप): केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामले मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी आज संविधान की झूठी दुहाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसने आपातकाल के समय जेलों में बंद लोगों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार में शामिल होने तक की अनुमति नहीं दी। किरेन रिजिजू यहां होटल पीटरहॉफ में आपातकाल के 50 वर्ष विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। किरेन रिजिजू ने इस दौरान पौधारोपण कार्यक्रम, आपातकाल पर लगी प्रदर्शनी और मॉक पार्लियामैंट कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है, लेकिन भेदभाव के आरोप लगाना राजनीतिक मजबूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज तक आपातकाल लगाने पर कभी माफी नहीं मांगी है।
आपातकाल के समय जेल काट चुके प्रहरी एवं उनके परिजन किए सम्मानित
किरेन रिजिजू ने आपातकाल के समय जेल काट चुके प्रहरियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित भी किया। इसमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राधा रमण शास्त्री, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय दौलत राम चौहान व पूर्व विधायक अतर सिंह ठाकुर के अलावा भारत भूषण वैद, केडी श्रीधर, कृष्ण चंद शर्मा, स्वर्गीय रमेश जोशी, स्वर्गीय मदन गोपाल चितकारा, आचार्य प्रियतोष, गोकुल चंद मेहता, दुर्गा सिंह राठौर और स्वर्गीय नारायण सिंह स्वामी और उनके परिजन शामिल हैं।
पौधारोपण में लिया भाग, प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
किरेन रिजिजू ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण में भाग लिया तथा आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लगी प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया। मॉक पार्लियामैंट का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तिलक राज की तरफ से किया गया, जिसमें कालेज और स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक बलबीर वर्मा, कार्यक्रम सह संयोजक संजय सूद, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा के अलावा अरुण, केशव और राजीव पंडित सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
देश की सत्ता एक परिवार तक सीमित रखना कांग्रेस का उद्देश्य : जयराम
इस माैके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि देश की सत्ता एक परिवार तक सीमित रखना कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य है। इसी कारण कांग्रेस ने अपनी सरकार के प्रधानमंत्री के ऊपर भी सुपर पीएम बिठा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता आज भी वैसी ही है। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि 50 वर्ष पहले कांग्रेस ने देश पर आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कुचलने की साजिश रची थी।

सीएम सुक्खू से मिलकर योजनाओं को गति देने के लिए मांगा सहयोग
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात करके केंद्र सरकार की योजनाओं को गति प्रदान करने के लिए सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से पहली बार 2 चरणों में इतनी बड़ी योजनाओं की सौगात हिमाचल प्रदेश को दी जा रही है, जिसके लिए राज्य सरकार का सहयोग अनिवार्य है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री को प्रदेश हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक