Edited By Kuldeep, Updated: 23 Jul, 2025 08:46 PM

राज्य में मानसून गतिविधियां बेशक धीमी पड़ गई हैं, लेकिन बारिश का दौर जारी होने से जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं।
शिमला (संतोष): राज्य में मानसून गतिविधियां बेशक धीमी पड़ गई हैं, लेकिन बारिश का दौर जारी होने से जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। बुधवार को ठियोग-छैला स्टेट हाईवे पर भूस्खलन होने से ठियोग-रोहड़ू, ठियोग-चौपाल मार्ग के लिए वाहनों की कतारें लग गईं। छैला कैंची तक जाने वाला मार्ग वाहनों के लिए पूरी तरह बंद हो गया। सेब से लदे वाहन भी बड़ी देर तक सड़क पर फंसे रहे। यह भूस्खलन दोपहर 2 बजे के बाद हुआ। दोपहर बाद 4 बजे सड़क को बहाल कर दिया गया है, फिर वाहनों को निकाला गया। भगवान भोले की किन्नर कैलाश यात्रा बुधवार से फिर से शुरू हो गई है।
किन्नौर जिला प्रशासन ने मौसम साफ होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। 4 दिन पहले यात्रा को भारी बारिश के बाद स्थगित करना पड़ा था। इस यात्रा में देशभर से श्रद्धालु किन्नर कैलाश पहुंचते हैं। इस बीच बिलासपुर में सतलुज नदी पर बने कोलडैम से बुधवार को दोबारा बांध से पानी छोड़ने का अलर्ट जारी किया है। सुबह 7.30 बजे बांध से पानी छोड़ा गया। इससे नदी का जल स्तर 4 से 5 मीटर बढ़ गया है। इसे देखते हुए बिलासपुर से पंजाब तक लोगों को अलर्ट रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
राज्य में दुश्वारियां अभी भी जारी हैं और राज्य में एक नैशनल हाईवे और 344 मार्ग अवरुद्ध चल रहे हैं। सुबह तक बंद पड़े एक नैशनल हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया है। अब मंडी जिला में एनएच-70 मंडी-कोटली ही बंद पड़ा हुआ है, जबकि 344 संपर्क मार्गों में से सबसे अधिक 232 जिला मंडी और कुल्लू जिला में 71 मार्ग अवरुद्ध हैं। बुधवार को 39 संपर्क मार्ग यातायात के लिए बहाल किए गए। 94 बिजली ट्रांसफार्मर बहाल किए गए और अब 169 बिजली ट्रांसफार्मर और 230 पेयजल योजनाएं ठप्प पड़ी हुई हैं। राज्य में अब तक 137 लोगों की मौत, 228 घायल और 34 लोग लापता हैं। सरकार को 1382 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है।
बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट वर्षा हुई। शिमला व चम्बा में 9-9 मिलीमीटर, भुंतर में 0.2, धर्मशाला में 6, ऊना में 4.8, सोलन में 1, मनाली में 2, कांगड़ा में 6, बिलासपुर में 0.5, कुकुमसेरी में 2, नारकंडा में 0.5, भरमौर में 8.5, बजौरा में 2 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि सुंदरनगर में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से लेकर शनिवार तक कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, अपितु इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की फुल्की वर्षा हो सकती है, जबकि 29 जुलाई से मॉनसून फिर से सक्रिय होगा और इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।