Edited By Kuldeep, Updated: 08 Dec, 2025 06:26 PM

सांसद कंगना रनौत ने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग पर सीमा सड़क संगठन के प्रोजैक्ट दीपक द्वारा निर्मित 4 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वर्चुअल उद्घाटन किया।
शिमला (ब्यूरो): सांसद कंगना रनौत ने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग पर सीमा सड़क संगठन के प्रोजैक्ट दीपक द्वारा निर्मित 4 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की हिमाचल प्रदेश में सड़क व पुल नैटवर्क सुदृढ़ करने की दिशा में यह बड़ी सौगात है। कंगना रनौत ने शिमला से जारी बयान में कहा कि बीआरओ की तरफ से लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से इन परियोजनाओं का निर्माण किया गया है। इसमें 70 मीटर लंबा शोगटोंग ब्रिज, जिंग जिंगबर में 2 मल्टी-सेल बॉक्स ब्रिज तथा कीलिंग सराय में 60 मीटर लंबा यूनम ब्रिज शामिल हैं। सभी पुल अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किए गए हैं, ताकि हर मौसम में भारी वाहनों की निर्बाध आवाजाही संभव हो सके।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह से देशभर की 125 परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें देश को समर्पित किया। इन पुलों के निर्माण से मनाली-लेह मार्ग पर वर्षों से चली आ रही एवलांच जोन, उफनते नालों और कच्चे रास्तों की समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी। पहले जहां सेना के काफिलों और आम यात्रियों को जोखिम भरे मार्ग से गुजरना पड़ता था, वहीं अब नए पुलों के माध्यम से यात्रा अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल सामरिक दृष्टि से देश की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया।