Edited By Kuldeep, Updated: 14 Nov, 2022 07:42 PM

विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
शिमला (कुलदीप): विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। जानकारी के अनुसार इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल का हालचाल पूछा। इसके अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सरकारी आवास ओकओवर पर रुटीन का कामकाज भी निपटाया। मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र में मतदान करने के बाद शिमला आ गए थे। इसके बाद गत दिन उन्होंने जहां अपनी चुनावी थकान को मिटाया, वहीं सोमवार से सरकारी कामकाज में जुट गए। यानी आदर्श चुनाव आचार संहिता के दायरे में रहते हुए वह जिन कार्यों को कर सकते हैं, उसे किया।
चुनाव परिणाम के बाद सचिवालय में लौटेगी रौनक
विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश सचिवालय में रौनक लौटेगी। अब देखना यह है कि भाजपा फिर से सरकार बनाती है या फिर विपक्षी कांग्रेस सत्ता में आती है। इसी तरह तीसरे विकल्प के रूप में चुनौती दे रही आम आदमी पार्टी की क्या स्थिति रहती है, यह भी चुनाव परिणाम के बाद ही पता चल सकेगा। यानी अब सचिवालय में नई सरकार के गठन पर भी रौनक देखने को मिलेगी, जिसमें प्रदेश भर से लोग अपने काम निपटाने के लिए यहां पर पहुंचेंगे। इस समय चुनाव मैदान में डटे सभी प्रमुख दल सत्ता में आने का दावा कर रहे हैं।