Edited By Kuldeep, Updated: 30 Mar, 2025 09:54 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (हपुटा) ने एक बार फिर शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 65 वर्ष करने की मांग उठाई है। इस मामने को हपुटा के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन व प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया है।
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (हपुटा) ने एक बार फिर शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 65 वर्ष करने की मांग उठाई है। इस मामने को हपुटा के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन व प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया है। हपुटा के अध्यक्ष डा. एमएस ठाकुर व महासचिव डा. वाईएस हारटा ने कहा कि यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार अन्य विश्वविद्यालय के आधार पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु को 65 वर्ष किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने भर्ती और पदोन्नति के लिए यू.जी.सी. के दिशा-निर्देशों को लागू किया है, जबकि सेवानिवृत्ति आयु की नीतियां अभी भी प्रदेश सरकार के नियमों के तहत चल रही हैं।
हिमाचल प्रदेश में स्थित अटल मैडीकल व अनुसंधान विश्वविद्यालय और हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष है। उन्होंने इस दौरान सरकार से विश्वविद्यालय में शिक्षकों व कर्मचारियों के रिक्त पदों को भी शीघ्र भरने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक विकास और उत्कृष्टता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ऐसे में हपुटा मांग करती है कि करियर उन्नयन योजना (सीएएस) के तहत शिक्षकों की लंबित पदोन्नतियों को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाए, जैसा कि यू.जी.सी. विनियम-2018 में निर्धारित है।
कर्मचारियों को वेतन के लिए 13 करोड़ की सहायता अनुदान की किस्त जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को वेतन के लिए 13 करोड़ रुपए की सहायता अनुदान की किस्त प्रदेश सरकार ने जारी कर दी है। इसको लेकर हपुटा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट किया है। हपुटा के पदाधिकारियों ने कहा कि इस किस्त की अदायगी से विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को महीने के वेतन की चिंता तो दूर हो गई है किन्तु भविष्य में विश्वविद्यालय में वेतन से संबंधित ऐसी कोई समस्या न हो, इसके लिए हपुटा ने मुख्यमंत्री से विश्वविद्यालय के बजट में बढ़ौतरी करने की मांग की। इसके अतिरिक्त हपुटा ने विश्वविद्यालय के एलुमनी भवन के लिए भी 2 करोड़ रुपए की राशि का स्वीकृति पत्र जारी करने के लिए भी कृतज्ञता व्यक्त की है।