Edited By Kuldeep, Updated: 09 Mar, 2026 11:05 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एक बार फिर छात्र संगठनों के मध्य खूनी झड़प हुई है। आपसी कहासुनी के बाद मामला तेजधार हथियारों तक जा पहुंचा।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एक बार फिर छात्र संगठनों के मध्य खूनी झड़प हुई है। आपसी कहासुनी के बाद मामला तेजधार हथियारों तक जा पहुंचा। बताया जाता है कि इस झड़प के दौरान एक छात्र गंभीर रूप से चोटिल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि कई अन्यों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने यहां मोर्चा डाला और स्थिति पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय में छात्र संगठनों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद के तहत एक बार फिर से यहां झड़प हुई है। सोमवार सुबह छात्र संगठनों के बीच तनाव बढ़ गया और दो गुटों के बीच झड़प हुई। दोपहर बाद 1:30 के बीच लॉ ब्लॉक में दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। छात्र को फौरन उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया, वहीं पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से विधि विभाग में बाहर से आने वाले लोगों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है।
एसएफआई जिला समिति के अध्यक्ष विवेक ने बताया कि छात्र संगठन के कार्यकर्त्ता पर पेट पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय इकाई की राखी का कहना है कि विश्वविद्यालय के विधि विभाग में एक छात्र संगठन से जुड़े कार्यकर्त्ताओं द्वारा एक आम छात्र के साथ की गई हाथापाई की घटना की एबीवीपी कड़ी निंदा करती है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में लगातार हिंसा और अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश एसएफआई द्वारा की जा रही है, जिससे पूरे कैंपस का वातावरण खराब हो रहा है और आम छात्र भय व असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय से थाना बालूगंज में सूचना मिलने के उपरांत पुलिस यहां तैनात की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुकेश कुमार निवासी तीसा जिला चम्बा के बयान दर्ज किए, जिसने बताया कि समय करीब 1:30 बजे दिन विधि विभाग के प्रांगण में जब शिकायतकर्त्ता व उसके साथी योगराज, धनराज व अमन कुमार खड़े थे, उनको उसी समय विधि विभाग के गेट पर आए मोहित डोगरा ने अचानक तेजधार चाकू निकालकर इन्हें मारने की धमकी देने लगा तथा इसी दौरान मोहित डोगरा ने धनराज पर चाकू से वार कर दिया, जिससे धनराज घायल हो गया और उसके पेट से खून बहने लगा जिसे इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109, 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।