Shimla: HPU के सीडीओई में प्रवेश प्राप्त नए विद्यार्थियों के लिए बढ़ी हुई फीस

Edited By Kuldeep, Updated: 04 Feb, 2026 10:23 PM

shimla hpu fee hike implemented

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में प्रवेश प्राप्त नए विद्यार्थियों को अब बढ़ी हुई फीस देनी होगी।

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में प्रवेश प्राप्त नए विद्यार्थियों को अब बढ़ी हुई फीस देनी होगी। विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (ईसी) की बीते जनवरी माह में फीस वृद्धि पर मोहर लगने के बाद सीडीओई की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी हो गई है। बढ़ी हुई फीस जनवरी 2026 से शुरू हुए शैक्षणिक सत्र से लागू होगी। यानी कि जनवरी 2026 शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के कोर्सिज में प्र्रवेश प्राप्त नए विद्यार्थियों को संशोधित फीस स्ट्रक्चर के अनुसार फीस चुकानी होगी।

सीडीओई में प्रवेश प्राप्त नए विद्यार्थियों को अब 20 प्रतिशत तक बढ़ी हुई फीस चुकानी होगी। सीडीओई में जनवरी 2026 शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत इन दिनों प्रवेश प्रक्रिया जारी है और प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 फरवरी तक चलेगी। इस प्रक्रिया के दौरान बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों को पूर्व की तुलना में सालाना 1440 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। यानी कि अब सालाना फीस 6240 रुपए कर दी गई है, जबकि पहले सालाना 4800 रुपए फीस ली जाती थी। इसके अलावा बीकॉम की सालाना फीस 7020 रुपए कर दी गई है, जबकि पूर्व में यह सालाना 5400 रुपए होती थी।

इसके अनुसार बीकॉम की सालाना फीस में 1620 रुपए की वृद्धि हुई है। स्नातकोत्तर कोर्सिज के अंतर्गत एम.ए. कोर्सिज की सालाना फीस अब 4290 रुपए होगी जबकि पहले यह 3300 रुपए थी। इसके अनुसार सालाना 990 रुपए फीस बढ़ी है। इसके अलावा एमएड में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 5590 रुपए फीस देनी होगी, जबकि पूर्व में 4300 रुपए फीस वसूली जाती थी। एमकॉम की फीस अब सालाना 4680 रुपए होगी, जबकि पूर्व में यह 3600 रुपए थी।

सीडीओई के निदेशक ने कहा कि सीडीओई में नए विद्यार्थियों से बढ़ी हुई फीस वसूलने के निर्णय के बीच पुराने विद्यार्थियों को राहत प्रदान की गई है। पहले से प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों को बढ़ी हुई फीस नहीं देनी होगी और उन्हें पुराने फीस स्ट्रक्चर के अनुसार फीस देनी होगी। इसके अलावा सीडीओई में प्रवेश प्राप्त अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को भी राहत मिली है और इन विद्यार्थियों को भी पुराने फीस स्ट्रक्चर के तहत फीस देनी होगी और उन पर भी बढ़ी हुई फीस लागू नहीं होगी। इन विद्यार्थियों को पहले की तरह 1 हजार रुपए फीस व पाठ्य सामग्री व प्रवेश के लिए 500-500 रुपए फीस देनी होगी।

हिप्र विश्वविद्यालय निदेशक सीडीओई प्रदीप कुमार का कहना है कि सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में जनवरी 2026 शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों पर संशोधित फीस स्ट्रक्चर लागू होगा। पहले से प्रवेश प्राप्त पुराने विद्यार्थियों को पुराने फीस स्ट्रक्चर के अनुसार ही फीस देनी होगी।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!