Edited By Kuldeep, Updated: 24 Jun, 2025 08:10 PM

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार बीमार लोगों की जेब पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला के बाद अब प्रदेश के दूसरे अस्पतालों में मरीजों से 10 रुपए का पंजीकरण शुक्ल वसूलना शुरू हो गया है।
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार बीमार लोगों की जेब पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला के बाद अब प्रदेश के दूसरे अस्पतालों में मरीजों से 10 रुपए का पंजीकरण शुक्ल वसूलना शुरू हो गया है। इसके अलावा दाखिल करने और मरीजों को दिए जाने वाले भोजन पर शुल्क वसूली बढ़ गई है। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि मरीजों को हिमकेयर योजना से भी नि:शुल्क उपचार नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में यह शुल्क झूठ बोलकर वसूले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा करना मानवता के साथ सरकार का कर्त्तव्य है, लेकिन वर्तमान सरकार बीमार लोगों को ही आय के साधन के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में नि:शुल्क मिलने वाली दवाएं, जांच, हिमकेयर और आयुष्मान योजना जैसे लाभ मिलने बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल को आपूर्ति कर रही कंपनियां सरकार से अपने पुराने भुगतान के लिए गुहार लगा रही हैं और भुगतान नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि फिन्ना सिंह परियोजना में हो रही धांधली के आरोपों को मुख्यमंत्री को गंभीरता से लेकर इसकी निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे परियोजना में लग रहे धांधली के आरोपों से पर्दा उठ सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के हर प्रोजैक्ट में अनियमितता और नियमों में हेर-फेर कर चहेतों को लाभ देने के आरोप लग रहे हैं।