Edited By Kuldeep, Updated: 14 Feb, 2025 09:25 PM
![shimla delhi nadda jairam meeting](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2025_2image_21_24_294812964jairamthakur-ll.jpg)
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन तथा उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की।
शिमला (हैडली): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन तथा उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने के बीच इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं, जिससे पार्टी के भीतर सियासत गर्मा गई है। ऐसा माना जा रहा है कि प्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष दिल्ली में भाजपा सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिल सकता है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष से इस विषय में राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने संगठनात्मक व प्रदेश से जुड़े अन्य विषयों को लेकर भी चर्चा की।
उधर, जयराम ठाकुर ने अलग से बयान जारी करके प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की तरफ से जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए नलों का 100 रुपए प्रतिमाह की दर से बिल वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का हवाला देने वाली सरकार की तरफ से 100 रुपए प्रतिमाह पानी के बिल लेने की घोषणा के बावजूद कई स्थानों पर लोगों को पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि हालात यह हैं कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं होने पर लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी आपूर्ति के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है, जिसमें पानी मोटर साइकिल और कार से ढोया गया।
जरूरी सुविधाओं के लिए वसूले जा रहे मनमाने दाम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश के लोगों को व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके तहत लोगों से आवश्यक सुविधाएं छीनी जा रही हैं और जरूरी सुविधाओं के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। सरकार की तरफ से दी जाने वाली ज्यादातर सुविधाएं लोगों को नहीं मिल रही हैं। अस्पतालों में हर तरफ अव्यवस्था का आलम है तथा आईजीएमसी और डीडीयू में सरकारी टैस्ट नहीं हो रहे हैं। ऐसे में विकास के सारे काम ठप्प पड़े हैं तथा सरकार को लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
विधायक को करना पड़ रहा अनशन
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि ट्रेजरी बंद होने से भुगतान नहीं हो रहे हैं। इसके अलावा विधायक को विधायक निधि जारी नहीं होने के लिए अनशन करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुख की सरकार में सिर्फ मित्रों के हितों का ख्याल रखा जा रहा है।