Edited By Kuldeep, Updated: 08 Feb, 2025 09:29 PM
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में कांग्रेस अपनी नाकामियों के कारण हारी है तथा हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव के समय ऐसा ही हाल होगा।
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में कांग्रेस अपनी नाकामियों के कारण हारी है तथा हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव के समय ऐसा ही हाल होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली में अलका लांबा के लिए प्रचार किया, जहां पर जमानत जब्त हो गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली को अब आपदा यानी आम आम आदमी पार्टी से मुक्ति मिल गई है और अब राष्ट्रीय राजधानी में डबल इंजन की सरकार से विकास की गति तेज होगी। जयराम ठाकुर दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर यहां उपायुक्त कार्यालय के बाहर मनाए गए जश्न के दौरान कार्यकर्त्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्त्ताओं की तरफ से लड्डू भी बांटे गए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हमें अलका लाम्बा पर दया आ रही है, क्योंकि उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में 1,500 रुपए प्रतिमाह जमा होने का वायदा किया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता जेल की सलाखों के पीछे रहे तथा सत्ता में रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास को शीश महल की तरह बनाया। ऐसे में अपने घोटालों के कारण आज आम आदमी पार्टी के सभी बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। देश की जनता को इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज के अलावा संजय सूद, संजीव कटवाल, गणेश दत्त, कमलजीत सूद, शशि बाला, कर्ण नंदा, महेंद्र धर्माणी, केशव चौहान, प्यार सिंह, संजीव चौहान पिंकू, राजीव पंडित, बिलाल अहमद और हनीश चोपड़ा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। प्रदेश भाजपा नेताओं ने इस जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं को बधाई दी।
दिल्ली में अहंकार व अराजकता की हार हुई : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के नेताओं के अहंकार एवं अराजकता की हार हुई है। उन्होंने कहा कि यह झूठे शासन के अंत की जीत है तथा भाजपा अब दिल्ली में सुशासन वाली सरकार देगी।
हर्ष महाजन ने थपथपाई नड्डा की पीठ
सांसद हर्ष महाजन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की दिल्ली की जीत के लिए पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा ने एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा ने इस जीत से दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है।
झूठ बोलने की राजनीति करने वालों का सफाया : कश्यप
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि दिल्ली में झूठ बोलने की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी का सफाया हुआ है। यह चुनाव केवल विधायक चुनने का चुनाव नहीं था, बल्कि दिल्ली की तकदीर और तस्वीर बदलने का चुनाव था। यह चुनाव आपदा से मुक्ति पाने का और दिल्ली को फिर से विकसित बनाने की ओर बढ़ने का चुनाव था।
प्रतिभा सिंह ने चुनावी नतीजों को निराशाजनक बताया
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी हार के कारणों का मंथन करेगी और अपनी कमियों को दूर करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनमत का सम्मान करती है।