Shimla: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब कार्यकारिणी पर टिकीं सभी की नजरें

Edited By Kuldeep, Updated: 23 Nov, 2025 10:18 PM

shimla congress executive

हिमाचल कांग्रेस की कमान विधायक विनय कुमार को सौंपे जाने के बाद अब पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी पर सभी की नजरें टिक गई हैं।

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल कांग्रेस की कमान विधायक विनय कुमार को सौंपे जाने के बाद अब पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी पर सभी की नजरें टिक गई हैं। इसके तहत अंदरखाते नेता अपने-अपने चहेतों को प्रदेश कार्यकारिणी में एडजस्ट करने के लिए ताना-बाना बुनने में लग गए हैं। मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव (संगठन) के पद को लेकर चर्चाओं का दौर गर्म है। पार्टी सूत्रों के अनुसार महासचिव पद के लिए 4 से 5 चेहरे दौड़ में हैं। इनमें 2 चेहरे ऐसे भी हैं, जो सरकार में भी ओहदा लिया हुए हैं। ऐसे में देखना होगा कि हाईकमान वन मैन-वन पोस्ट के सिद्धांत को संगठन के अन्य पदों पर भी लागू करता है या नहीं।

वहीं प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में प्रदेश अध्यक्ष का कितना रोल रहेगा, इसे लेकर भी अभी संशय बना हुआ है। गौर हो कि जिला कमेटियों के गठन को लेकर हाईकमान पहले ही पर्यवेक्षक लगा चुका है। ऐसे में राज्य कार्यकारिणी के विभिन्न पदों पर नियुक्तियां नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के अनुमोदन पर होंगी या फिर हाईकमान नया फॉर्मूला अपनाएगा, इसे लेकर भी पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं में चर्चा का दौर गर्म है।

पार्टी सूत्रों की मानें तो हाईकमान स्पष्ट संकेत दे चुका है कि प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की लंबी फौज नहीं होगी। संगठन में वरिष्ठ नेताओं के साथ ही युवाओं चेहरों को भी पूरा अधिमान दिया जाएगा। सूचना के अनुसार नवम्बर माह के अंत तक प्रदेश कार्यकारिणी के गठन पर मोहर लगा दी जाएगी। इसे लेकर प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल जल्द ही पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार के साथ बैठक करेंगी।

सियासी-जातीय संतुलन साधने का प्रयास
कांग्रेस हाईकमान ने युवा नेता एवं विधायक विनय कुमार को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष पद की कमान सौंपकर सियासी और जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के साथ ही होलीलॉज ने भी उनके नाम पर अपनी सहमति जताई थी। इसके साथ ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के समक्ष विनय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने की पैरवी की थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की रिपोर्ट में भी वह प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक सशक्त दावेदार बताए गए थे।

मुख्यमंत्री से मिले विनय कुमार
कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनके सरकारी आवास ओकओवर में मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। वह कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह से भी मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही उनका जल्द ही दिल्ली जाने का कार्यक्रम भी बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वह कब तक अपना कार्यभार संभालेंगे।

विस उपाध्यक्ष की चर्चा में कई नाम
विधायक विनय कुमार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने के बाद अब प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष पद को लेकर समीकरण गर्माने लगे हैं। विधायक चंद्रशेखर के साथ ही संजय रत्न और आशीष बुटेल के नाम भी उपाध्यक्ष पद के लिए चर्चा में हैं। प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 नवम्बर से शुरू हो रहा है। ऐसे में इससे पहले उपाध्यक्ष पद की घोषणा किए जाने की संभावना है।

संगठन में सक्रिय कार्यकर्त्ताओं को महत्व देने की जरूरत : प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पूर्व की भांति संगठन एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगा और प्रदेश में कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि संगठन में सक्रिय कार्यकर्त्ताओं को महत्व देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को सही स्थान मिलना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में वह प्रदेश सरकार की मजबूती के लिए नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ मिल कर संगठन व कांग्रेस सरकार की मजबूती के लिए एकजुटता के साथ कार्य करेंगी।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!