Shimla: 16 कालेजों ने अब तक जमा नहीं करवाई स्पोर्ट्स एंट्री फीस, 7 दिन का दिया अल्टीमेटम

Edited By Kuldeep, Updated: 19 Mar, 2026 05:42 PM

shimla 16 colleges sports entry fees

हिमाचल प्रदेश के 16 कालेजों ने सत्र 2025-26 के लिए स्पोर्ट्स एंट्री फीस हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) के समक्ष अब तक जमा नहीं करवाई है।

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश के 16 कालेजों ने सत्र 2025-26 के लिए स्पोर्ट्स एंट्री फीस हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) के समक्ष अब तक जमा नहीं करवाई है। लगातार रिमाइंडर भेजे जाने के बाद भी इन कालेजों ने अब तक वार्षिक स्पोर्ट्स एंट्री फीस जमा नहीं करवाई है। इसको देखते हुए विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय ने इन कालेजों के प्रबंधनों को पत्र लिखकर 7 दिनों में स्पोर्ट्स एंट्री फीस जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। तय डैडलाइन में अगर संबंधित कालेज प्रबंधन ने फीस जमा नहीं करवाई तो संबंधित कालेज सत्र 2026-27 के दौरान आयोजित होने वाली इंटर कालेज प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

जिन कालेज प्रबंधनों ने उक्त फीस जमा नहीं करवाई है, उन्हें अब संबंधित फीस तय अल्टीमेटम में जमा करवानी होगी। विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित कालेजों को 15 रुपए प्रति विद्यार्थी देनी होगी और जिन कालेजों में विद्यार्थियों की संख्या 100 से कम है, उन कालेजों व उच्च शिक्षण संस्थानों से न्यूनतम 1,500 रुपए फीस ली जाएगी। उच्च शिक्षण संस्थानों को फीस के साथ उक्त संस्थान में विद्यार्थियों की संख्या से संबंधित सर्टीफिकेट भी देना होगा।

विश्वविद्यालय ने इससे पहले भी स्पोर्ट्स एंट्री फीस जमा करवाने के लिए कालेज प्रबंधनों को रिमाइंडर भेजा था। पूर्व में बीते वर्ष 27 सितम्बर व 24 दिसम्बर और अगले वर्ष 30 जनवरी को भी पत्र भेजे गए थे, बावजूद इसके 16 कालेजों ने अब तक फीस जमा नहीं की है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय ने वीरवार को नोटिस जारी कर वार्षिक खेल प्रवेश शुल्क जमा करने के निर्देश दिए हैं।

इन कालेजों को जारी किया गया नोटिस
राजकीय कालेज चुवाड़ी चम्बा, ऊना कालेज, भरमौर कालेज, चम्बा कालेज, थुरल कालेज, पांगी कालेज, नाहन कालेज, संजौली कालेज शिमला, अर्की कालेज, राजकीय संस्कृत कालेज सरैन, राजकीय संस्कृत कालेज पंज्गैन बिलासपुर, डाडासीबा कालेज, दाड़लाघाट कालेज, रेणुका जी कालेज, तकीपुर कालेज कांगड़ा, लंज कालेज कांगड़ा।

काऊंसिल की कार्यकारी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा मामला
विश्वविद्यालय प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में फीस जमा नहीं की गई तो मामला एच.पी.यू.एस. सी.एस.सी. स्पोर्ट्स एंड को-करिकुलर एक्टीविटीज काऊंसिल के कार्यकारी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि संबंधित कालेजों को सत्र 2026-27 से अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति दी जाए या नहीं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!