Edited By Vijay, Updated: 04 Jul, 2023 11:18 PM

चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिमगिरि में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना को मुख्यातिथि बुलाने पर भाजपा ने बवाल खड़ा कर दिया। विधायक हंसराज समर्थकों सहित स्कूल परिसर में...
चम्बा (काकू चौहान): चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिमगिरि में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना को मुख्यातिथि बुलाने पर भाजपा ने बवाल खड़ा कर दिया। विधायक हंसराज समर्थकों सहित स्कूल परिसर में पहुंच गए और यशवंत खन्ना को मुख्यातिथि बुलाने पर आपत्ति जताई। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी, साथ ही प्रधानाचार्य के साथ बहसबाजी भी की। इसके चलते कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। हालांकि बाद में विधायक हंसराज वापस लौट आए।
इस कारण हुआ विवाद
मंगलवार को हिमगिरि स्कूल में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन द्वारा विधानसभा चुनावों में चुराह से कांग्रेस प्रत्याशी रहे यशवंत सिंह खन्ना को बतौर मुख्यातिथि बुलाया गया था। इसी बीच विधायक हंसराज भी समर्थकों सहित पहुंच गए। उन्होंने कहा कि एसएमसी के अध्यक्ष ने बतौर मुख्यातिथि न्यौता दिया है। इसके चलते विवाद शुरू हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विधायक के समर्थकों ने स्कूल के स्टाफ के साथ बहसबाजी शुरू कर दी। इसके अलावा नारेबाजी आरंभ कर दी। यही नहीं, भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता भी उलझते दिखे। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भी विधायक के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके पर बुलानी पड़ी पुलिस
माहौल बिगड़ता देख स्कूल के प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रधानाचार्य सहित अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। प्रधानाचार्य वीर सिंह ठाकुर ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता आयोजन समिति द्वारा विधायक को कोई न्यौता नहीं दिया गया था। एसएमसी अध्यक्ष द्वारा न्यौता दिए जाने की कोई जानकारी नहीं है। घटनाक्रम को लेकर पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा गया है।
क्या बोले भाजपा विधायक व कांग्रेस नेता
चुराह के भाजपा विधायक हंसराज ने कहा कि एसएमसीअध्यक्ष के न्यौते पर स्कूल पहुंचे थे। कांग्रेस द्वारा सरकारी कार्यक्रमों का कांग्रेसीकरण किया जा रहा है। इसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं कांग्रेस नेता चुराह यशवंत सिंह खन्ना ने कहा कि विधायक को विपक्ष में बैठना रास नहीं आ रहा है। बेवजह खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में आकर विवाद खड़ा किया। समारोह में खलल डालने का प्रयास किया गया, यह सही नहीं है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here