Edited By Vijay, Updated: 01 May, 2025 06:02 PM

खंड विकास कार्यालय सुंदरनगर ने मनरेगा में पिछले 3 वर्षों की तुलना में वर्ष 2024-25 में 8,22,354 रोजगार दिवस सृजित किए गए हैं, जोकि बीते वर्षों के मुकाबले दोगुने से अधिक हैं।
सुंदरनगर (सोढी): खंड विकास कार्यालय सुंदरनगर ने मनरेगा में पिछले 3 वर्षों की तुलना में वर्ष 2024-25 में 8,22,354 रोजगार दिवस सृजित किए गए हैं, जोकि बीते वर्षों के मुकाबले दोगुने से अधिक हैं। विशेष बात यह है कि इन कार्य दिवसों में लेबर में कार्यों की सामग्री मात्र 9.42 प्रतिशत ही उपयोग हुई है। प्रतिशतता का यह आंकड़ा पूरे प्रदेश में सबसे कम है। कार्यों में 63.28 प्रतिशत कार्य कृषि से संबंधित हुए हैं। कार्यालय द्वारा आयोजित रोजगार दिवसों में 2956 लोगों ने पूरे 100 दिन का रोजगार पूरा किया है, जबकि कुल 12,598 लोगों ने घरेलू स्तर पर और 17,679 ने व्यक्तिगत रूप से कार्य किए हैं। शुरू किए गए कुल 4755 कार्यों में से 2996 पूर्ण कर लिए गए हैं। ये सभी कार्य खंड विकास कार्यालय के अधीन आने वाली 30 पंचायतों में हुए हैं, जबकि 2022-23 में 66 पंचायतों के तहत 8,06,633 रोजगार दिवस ही आयोजित किए गए थे।
30 पंचायतों में 26.38 करोड़ की राशि हुई खर्च
मनरेगा के इन कार्यों में 26,38,22,000 रुपए की राशि खर्च हुई है, जिसमें लेबर में 24,36,54,000 रुपए की राशि खर्च की गई है, जबकि मैटीरियल में मात्र 24 लाख के करीब ही राशि खर्च की गई है।
71.88 प्रतिशत महिलाओं की रही भागीदारी
मंडी जिले के अन्य खंड विकास कार्यालयों की बात करें तो इनमें कई कार्यालय में मनरेगा के तहत हुए कार्यों में मैटीरियल रेशो 50 प्रतिशत से भी अधिक है, लेकिन सुंदरनगर कार्यालय ने मात्र 9.42 प्रतिशत की रेशो से कार्य कर पूरे प्रदेश में पहले पायदान पर अपने कदम रखने में कामयाबी प्राप्त की है। इसके अलावा 30 पंचायतों में 71.88 प्रतिशत महिलाओं ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
क्या कहते हैं खंड विकास अधिकारी
खंड विकास अधिकारी सुंदरनगर विवेक चौहान ने बताया कि वर्ष 2024-25 में मनरेगा के कार्यों में सुंदरनगर खंड विकास कार्यालय के तहत मात्र 9.42 प्रतिशत सामग्री का ही उपयोग किया गया है। यह प्रतिशतता पूरे प्रदेश में सबसे कम है और इसमें 63.28 प्रतिशत कार्य कृषि से संबंधित हुए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here