Edited By Kuldeep, Updated: 12 Jul, 2025 09:44 PM

शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे मंडी-पंडोह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चार मील में भारी भूस्खलन होने से चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया।
पंडोह: शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे मंडी-पंडोह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चार मील में भारी भूस्खलन होने से चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया। अचानक पहाड़ से मलबा पत्थर गिरने के कारण सड़क मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन और पुलिस विभाग के अनुसार, मौके की स्थिति गंभीर बनी हुई है और मार्ग को फिलहाल खुलने में काफी समय लग सकता है। यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग मंडी से कटौला-बजौरा-कुल्लू अपनाने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि शुक्रवार रात 11 बजे डयोड में भी जगह-जगह लैंडस्लाइड हुआ था। उसके खुलते ही 4 मील के भूस्खलन ने वाहनों की रफ्तार रोक दी।
वहीं, प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने और अधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। स्थानीय लोगों और यात्रियों से अनुरोध है कि प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क के बाद ही अपनी यात्रा शुरू करें। सब इंस्पैक्टर पुलिस चौकी पंडोह अनिल कटोच ने बताया कि यहां लगातार पत्थर व मलबा गिरता जा रहा है। जिस कारण सड़क बहाली के लिए मशीनरी नहीं लगाई जा रही है। अंधेरा भी हो रहा है। इसलिए सड़क मार्ग को रविवार को ही खोला जाएगा। रात में वैकल्पिक सड़क मार्ग का प्रयोग करें।
एनएच पर जगह-जगह लैंडस्लाइड, बारात फंसी दूल्हा पैदल ही मंडप तक पहुंचा
मंडी जिला में बारिश का कहर निरंतर जारी है। शुक्रवार रात को भारी बरसात के चलते चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर जगह-जगह लैंडस्लाइड होने से सड़क मार्ग बाधित रहा। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार रात 11 बजे पंडोह के डयोड़ के पास भारी भूस्खलन से सड़क मार्ग सुबह तक बंद रहा। जिसमें लोगों के साथ एक बारात दूल्हे के साथ फंस गई। मगर दूल्हे के साहस व हिम्मत ने इस भूस्खलन से पैदल ही समय पर लग्न मंडप पर पहुंचने के लिए इस जोखिम को भी पार कर लिया। जिसमें पंडोह पुलिस ने इसकी मदद की।
जबकि बारातियों को जाम में फंसे अन्य वाहनों के साथ सड़क मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। बारात मंडी शहर के साथ लगते गांव दुदर से जलालपुर जा रही थी। सड़क मार्ग पूरे 11 घंटे बाद बहाल हो सका। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि जाम में फंसे सभी वाहनों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। भारी बारिश के चलते इस एनएच पर जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने वाहन चालकों से इस मार्ग पर संभलकर चलने की अपील की है।