Edited By Vijay, Updated: 29 Oct, 2020 11:43 PM
शिक्षा मंत्री के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हिमाचल सरकार की सिरदर्दी भी बढ़ गई है। इसका कारण यह है कि कोरोना पॉजिटिव आने से पहले उन्होंने गत मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा लिया था।
शिमला (ब्यूरो): शिक्षा मंत्री के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हिमाचल सरकार की सिरदर्दी भी बढ़ गई है। इसका कारण यह है कि कोरोना पॉजिटिव आने से पहले उन्होंने गत मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा लिया था। इस बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया था।
उन्होंने अलग से शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ भी बैठक की थी। इसके बाद गोविंद ठाकुर और उनसे सीधे संपर्क में आए स्टाफ के सदस्य आइसोलेट हो गए हैं। मंत्रिमंडल बैठक से पहले शिक्षा मंत्री कुल्लू दशहरा उत्सव से लौटे हैं, जहां पर उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात करने के अलावा देवी-देवताओं की शरण में जाकर उनका आशीर्वाद भी लिया था।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बाद गोविंद ठाकुर कोरोना पॉजिटिव आने वाले 5वें मंत्री हैं। इससे पहले महेंद्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, डॉ. राम लाल मारकंडा और सुखराम चौधरी कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार और कई विधायक पहले ही कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं।