Edited By Jyoti M, Updated: 05 Feb, 2025 02:31 PM
राजधानी शिमला में लोगों के घरों में शादी, पार्टी या कोई अन्य समारोह होने पर निकलने वाले अतिरिक्त कूड़े को नगर निगम उठाएगा। एम.सी. को लोगों को घर द्वार पर ही कूड़ा उठाने की सुविधा प्रदान करने जा रहा है। इसकी एवज में निगम लोगों से अतिरिक्त शुल्क वसूल...
शिमला, (वंदना): राजधानी शिमला में लोगों के घरों में शादी, पार्टी या कोई अन्य समारोह होने पर निकलने वाले अतिरिक्त कूड़े को नगर निगम उठाएगा। एम.सी. को लोगों को घर द्वार पर ही कूड़ा उठाने की सुविधा प्रदान करने जा रहा है। इसकी एवज में निगम लोगों से अतिरिक्त शुल्क वसूल करेगा।
छोटी पिकअप मंगवाने पर इसके एवज में लोगों को 600 रुपए की फीस का भुगतान करना होगा। निगम लोगों की डिमांड में यह सुविधा शुरू कर रहा है। यदि कचरा अधिक है तो निगम का टिप्पर मंगवा सकते हैं। इसके बदले में 1300 रुपए फीस निगम लेगा और यदि कचरा इससे भी अधिक है। निगम का बड़ा गारबेज वाहन मंगवाने पर निगम 2100 रुपए का शुल्क लेगा।
प्रशासन इस सुविधा को देने के लिए गारबेज वाहनों के शुल्क को तय कर दिया है। इसी तरह यदि भवन मालिक अपने मकान की मुरम्मत करवा रहे हैं तो भी वह सी. एंड डी. (कंस्ट्रक्शन एवं डैमोलेशन) वेस्ट के लिए निगम से गाड़ी मंगवा सकते हैं। शहर में लोग गुपचुप तरीके से अपने भवनों की मुरम्मत कर मलबा जंगलों में डंप कर रहे हैं। इससे जंगल खराब हो रहे हैं, ऐसे में प्रशासन ने लोगों को सुविधा देने के लिए वाहन उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी और निगम अपनी आय के संसाधनों को बढ़ा सकेगा।
हर तरह के कूड़े को संयंत्र तक पहुंचाने का रखा है टारगेट
नगर निगम प्रशासन शहर से निकलने वाले हर तरह के कचरे को कूड़ा संयंत्र तक पहुंचाने में लगा हुआ है। इसके लिए निगम ने लोगों को अतिरिक्त गारबेज उठाने के लिए वाहन उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री का कहना है कि निगम वाहन लोगों को उपलब्ध करवाएगा, इसकी एवज में लोगों को शुल्क देना होगा। इससे एक तो कूड़ा ठिकाने तक पहुंचेगा और दूसरा शहर साफ-सुथरा रहेगा और लोगों को घर द्वार पर ही सुविधा मिलेगी।