Edited By Vijay, Updated: 06 Mar, 2025 07:59 PM

चम्बा-तीसा मार्ग पर इंड नाला के समीप पहाड़ दरकने से काफी मलबा सड़क पर आ गया, जिसके चलते मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। भूस्खलन के चलते वाहन चालकों व यात्रियों को काफी मुश्किलें उठानी पड़ीं।
चम्बा (रणवीर): चम्बा-तीसा मार्ग पर इंड नाला के समीप पहाड़ दरकने से काफी मलबा सड़क पर आ गया, जिसके चलते मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। भूस्खलन के चलते वाहन चालकों व यात्रियों को काफी मुश्किलें उठानी पड़ीं। जानकारी के अनुसार वीरवार को दोपहर 2 बजे इंड नाला में अचानक भूस्खलन हो गया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। भारी चट्टानें सड़क पर गिरने के कारण इतनी-सी भी जगह नहीं बची थी कि दोपहिया वाहन गुजर सकें। इस कारण लोगों को वाहनों की अदला-बदली कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। वहीं सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू किया। मार्ग के देर रात तक बहाल होने की संभावना है।
वहीं लोगों ने मांग की है कि जल्द ही सड़क के क्षतिग्रस्त भाग को ठीक किया जाए, ताकि दोबारा भूस्खलन न हो। इससे पूर्व भी उक्त मार्ग पर कई स्थानों में भारी भूस्खलन हो चुका है। उधर, लोक निर्माण विभाग तीसा के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया है, जोकि मार्ग को बहाल करने का काम कर रही है। भूस्खलन से निपटने के लिए कर्मचारियों को मशीनरी सहित सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भूस्खलन होने पर जल्द कार्य शुरू किया जा सके।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here