Edited By Kuldeep, Updated: 02 Feb, 2026 11:04 PM

पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत गंदड़ बाजार में अज्ञात चोरों द्वारा रविवार रात को 2 स्थानों को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात उड़ा लिए गए।
लंबागांव: पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत गंदड़ बाजार में अज्ञात चोरों द्वारा रविवार रात को 2 स्थानों को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात उड़ा लिए गए। सम्भवतः चोरों द्वारा पहले गंदड़ स्थित आयुर्वैदिक डिस्पैंसरी को निशाना बनाया होगा। चोरों द्वारा डिस्पैंसरी के दरवाजों के ताले तोड़े गए, लेकिन वहां कुछ ज्यादा नहीं मिला व चोर वहां से डाक्टर का कोट व टाॅर्च उठा ले गए। उसके बाद दूसरी बड़ी वारदात ठाकुर ज्वैलर्ज की दुकान पर अंजाम दी गई, जहां से चोर 190 ग्राम सोने व 400 ग्राम चांदी के पुराने जेवर ले उड़े। चोरों ने दुकान में रखी मेन सेफ को तोड़ने की कोशिश भी की लेकिन उसमें कामयाब नहीं हो सके। चोरों द्वारा दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी की व साथ लगती दुकानों के सीसीटीवी की तारें काट देने के साथ-साथ लगती दुकान के बाहर लगे बिजली के बल्ब को भी तोड़ दिया है।
चोरों ने शटर के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की, जबकि दुकान की पिछली तरफ से खिड़की की जाली को काटकर पिछला दरवाजा खोला गया फिर अंदर जाकर बीच के दरवाजे में मशीनी कुदालियों से अंदर के दरवाजे में छेद किया और दुकान के काऊंटर तक पहुंचे। हैरानी की बात यह है कि दुकान दूसरी मंजिल पर है व उसके नीचे के कमरों में बिहारी मूल के मजदूर किराए पर रहते हैं, जिनमें से कुछ सोमवार सुबह ही अपने घरों को लौट गए हैं। हालांकि दुकान का सीसीटीवी काटे जाने से पहले एक व्यक्ति शटर से चिपक कर कैमरे की तरफ आता हुआ प्रतीत हो रहा है, लेकिन उसने इतनी चालाकी से काम किया है कि उसका सारा शरीर कैमरे में नहीं आया है। यह करीब रात 11:25 की फुटेज है।
दुकान के नजदीक ही केसीसी बैंक की शाखा है, जिसकी सीसीटीवी फुटेज में 2 मिनट पहले 2 व्यक्ति दुकान की तरफ आते दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने अच्छे कपड़े पहन रखे थे, मुंह ढके हुए थे व हाथ में डंडा था। हालांकि शादियों का मौसम शुरू होने के चलते दुकान का मालिक राकेश सिंह चमेल रविवार को भी रात 8 बजे तक दुकान पर काम करके गया था और सोमवार सुबह थोड़ा देरी से दुकान पर पहुंचा। रोज की तरह शटर खोला तो पाया कि अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त है व दरवाजों की कुंडियां टूटी हुई हैं। अंदर का नजारा देखते ही राकेश के होश गुम हो गए। बाद में इस बारे में पुलिस थाना लंबागांव में शिकायत दर्ज करवाई गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची व साक्ष्य जुटाए।