Edited By Kuldeep, Updated: 28 Mar, 2026 06:42 PM

उपमंडल बंगाणा के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बड़ूही में दिनदिहाड़े चोरी की वारदात सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पंचायत घर के समीप स्थित एक चाय की दुकान से अज्ञात व्यक्ति करीब 7 हजार रुपए चुराकर फरार हो गया।
जोल (नरेन्द्र): उपमंडल बंगाणा के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बड़ूही में दिनदिहाड़े चोरी की वारदात सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पंचायत घर के समीप स्थित एक चाय की दुकान से अज्ञात व्यक्ति करीब 7 हजार रुपए चुराकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार गुरनाम चंद, जो पंचायत घर के पास चाय की दुकान चलाते हैं, के यहां दोपहर करीब 12 बजे एक अनजान व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा।
उसने पहले दुकान से कुछ सामान खरीदा और बातचीत के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाकर बड़ी सफाई से गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का पता चलते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने अपने स्तर पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालीग लेकिन आरोपी की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दिनदिहाड़े इस तरह की घटनाएं होना चिंता का विषय है और इससे छोटे दुकानदार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, सी.सी.टी.वी. निगरानी मजबूत करने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस चौकी जोल के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी और आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जाएंगे।