Edited By Vijay, Updated: 14 Feb, 2026 12:29 PM
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला पुलिस ने अपनी व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन योजना को अंतिम रूप दे दिया है। मेला अवधि के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए....
मंडी (रजनीश): अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला पुलिस ने अपनी व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन योजना को अंतिम रूप दे दिया है। मेला अवधि के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 750 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की गई है तथा मेला क्षेत्र को 4 सैक्टर और 10 सब सैक्टर में विभाजित किया गया है। प्रैस वार्ता के दौरान एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्र में एक अधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे सेरी मंच, पड्डल मैदान, मंदिर परिसर, बाजार क्षेत्र, जलेब मार्ग एवं बस स्टैंड आदि पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। एसपी ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। एंटी-ईव टीजिंग टीम एवं सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों को भीड़ में तैनात किया जाएगा। खोया-पाया केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहायता की जाएगी। भीड़ अधिक होने की स्थिति में नियंत्रित प्रवेश/निकास व्यवस्था लागू की जाएगी। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त रिजर्व पुलिस बल भी स्टैंडबाय पर रहेगा।
300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी एवं माॅनीटरिंग
एसपी ने बताया कि संपूर्ण कोर एरिया को 270 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के दायरे में रखा गया है तथा 46 अस्थायी सीसीटीवी कैमरे अतिरिक्त रूप से स्थापित किए गए हैं। सभी कैमरों की माॅनीटरिंग के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां 24x7 निगरानी की जाएगी। भीड़ प्रबंधन एवं संवेदनशील गतिविधियों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के लिए विशेष टीम तैनात की गई है।
4 अस्थायी नाकों पर होगी कड़ी चैकिंग
एसपी ने बताया कि मंडी शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर 4 अस्थायी नाके तल्याहड़, खलियार, बिंद्रावणी एवं होटल वैली व्यू स्थापित किए गए हैं। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चैकिंग की जाएगी। मेला क्षेत्र में प्रवेश के दौरान आवश्यकतानुसार बैग चैंकिंग एवं मैटल डिटैक्टर का प्रयोग किया जाएगा। नशाखोरी, जुआ, अवैध हथियार एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात संचालन के लिए 3 सब सैक्टर में बांटा शहर
शहर क्षेत्र को सुचारू यातायात संचालन के लिए 3 सब सैक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सब सैक्टर में एक अधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। आपातकालीन वाहन एवं एम्बुलैंस को सभी मार्गों पर निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी। मेला क्षेत्र एवं सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी। भारी एवं मालवाहक वाहन (बसों को छोड़कर) केवल रात्रि 12 बजे से प्रातः 6 बजे तक ही मंडी शहर में प्रवेश कर सकेंगे। ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाना एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख चौकों पर अतिरिक्त ट्रैफिक स्टाफ एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। भीड़ अधिक होने की स्थिति में आवश्यकता अनुसार मार्गों को अस्थायी रूप से बंद या डायवर्ट किया जाएगा।
यहां पर बनाए अस्थायी बस स्टैंड
ओल्ड एनएन-21 (बाईपास) ट्रक/ट्रैक्टर पार्किंग के पास बल्ह व सुंदरनगर रूट की बसों के लिए और सकोड़ी पुल के पास एमसी पार्किंग के समीप जोनल अस्पताल/बाड़ी गुमाणु रूट की बसों मेले के लिए अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है।
तल्याहड़ रूट से आने-जाने वाली बसों के लिए व्यवस्था
तल्याहड़ से मंडी की ओर आने वाली सभी बसें सन्यारड़ी बाईपास-कैहनवाल चौक-पुलघराट (ओल्ड एनएच) होते हुए ओल्ड एनएच-21 स्थित अस्थायी बस स्टैंड तक जाएंगी। मंडी से तल्याहड़ की ओर जाने वाली बसें अस्थायी बस स्टैंड से पुराना सुकेती ब्रिज-मंडी बाजार-जेल रोड मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाएंगी। छोटे वाहन सामान्य रूप से चलेंगे, आवश्यकता अनुसार उन्हें रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
बाड़ी गुमाणु-जोनल अस्पताल रूट की बसों के लिए व्यवस्था
बाड़ी गुमाणु से जोनल अस्पताल होते हुए आने वाली नियमित बसें सकोड़ी पुल के पास स्थित अस्थायी बस स्टैंड पर यात्रियों को उतारेंगी एवं वहीं से वापसी करेंगी। छोटे वाहन सामान्य रूप से संचालित रहेंगे।
इन मार्गों पर रहेगी वाहनों की एकतरफा आवाजाही
विक्टोरिया ब्रिज से सैण मोहल्ला होते हुए जीरो चौक तक की सड़क एलएमवी के लिए जीरो चौक की ओर एकतरफा रहेगी। यह मार्ग जोनल अस्पताल जाने वाली एम्बुलैंस के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा। गांधी चौक से विक्टोरिया ब्रिज तक की सड़क एलएमवी के लिए केवल विक्टोरिया ब्रिज की ओर एकतरफा रहेगी। खलियार या पुरानी मंडी से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को पुरानी मंडी-भ्यूली मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों को भीड़ की स्थिति के अनुसार अनुमति दी जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान यह रही यातायात व्यवस्था
होटल प्रताप पैलेस से कैहनवाल चौक तक की सड़क आवश्यकता अनुसार अस्थायी रूप से बंद की जा सकती है। रोटरी चौक से आजाद ड्राई क्लीनर तक थनेहड़ा बाजार मार्ग पर एलएमवी के लिए दोतरफा यातायात जारी रहेगा। होटल प्रताप पैलेस-कैहनवाल चौक मार्ग मार्ग कैहनवाल चौक की ओर एकतरफा रहेगा (दोपहिया एवं तिपहिया वाहन मुक्त रहेंगे)। रामनगर (मंगवाई) से आने वाले वाहनों को कैहनवाल चौक से पुलघराट की ओर मोड़ा जाएगा। आईटीआई चौक-महामृत्युंजय चौक पर इस दिशा का यातायात पुराने सुकेती ब्रिज के माध्यम से संचालित होगा। न्यू सुकेती ब्रिज पर यातायात केवल आईटीआई चौक की ओर एकतरफा रहेगा। सेरी मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान स्कूल बसों को सेरी मंच की ओर आने की अनुमति नहीं होगी। वे स्कूल बाजार, जेल रोड एवं जोनल अस्पताल की ओर जा सकेंगी।
जलेब के दिन यह रहेगी यातायात व्यवस्था
जलेब के दिन यातायात को आवश्यकता अनुसार प्रतिबंधित एवं नियंत्रित किया जाएगा। आईएसबीटी मंडी के सामने कुल्लू की ओर जाने वाले यातायात को सड़क के दाहिने भाग से नियंत्रित किया जाएगा। कुल्लू से आने वाले यातायात को जाम की स्थिति से बचाने के लिए मंडी बस स्टैंड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। टारना साइड से आने वाले वाहन सड़क के बाएं हिस्से से चलेंगे। पंजाब नैशनल बैंक पार्किंग, गांधी चौक अथवा न्यू सुकेती ब्रिज की ओर जाते समय सकोड़ी चौक पर निर्धारित यू-टर्न का उपयोग करेंगे।
यहां पर मिलेगी निःशुल्क पार्किंग
विक्टोरिया ब्रिज (रिवर बैड) में 200 एलएमवी, 50 एचएमवी, होमगार्ड कार्यालय भ्यूली में 30 एलएमवी, जिमखाना क्लब में 50 एलएमवी, एमसी पार्किंग ओल्ड बाईपास में 200 एलएमवी वाहन निःशुल्क पार्क करने की क्षमता होगी।
यहां मिलेंगे सशुल्क पार्किंग स्थल
आईएसवीटी की रूफ पार्किंग में 150 एलएमवी, भीमाकाली मंदिर में 250 एलएमवी, यू-मॉल पार्किंग में 400 एलएमवी, एमसी पार्किंग सकोड़ी ब्रिज में 70 एलएमवी, पड्डल गुरुद्वारा पार्किंग में 100 एलएमवी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। उपरोक्त सभी व्यवस्थाएं 15 से 22 फरवरी तक प्रभावी रहेंगी।