Edited By Vijay, Updated: 06 Feb, 2026 07:24 PM

गोहर में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 10 और नए मामले सामने आए हैं, जिससे अब प्रशासन के हाथ-पांव भी फूलने लगे हैं।
गोहर (ख्यालीराम) : गोहर में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 10 और नए मामले सामने आए हैं, जिससे अब प्रशासन के हाथ-पांव भी फूलने लगे हैं। बता दें कि अब तक 92 लोग पीलिया रोग से संक्रमित हो गए हैं जिसमें 57 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। प्रशासन ने जल शक्ति और स्वास्थ्य विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे पीलिया के कारणों का पता लगाएं और आवश्यक कार्रवाई करें।
विभागों ने भी जल स्रोतों और भंडारण से जारी होने वाली आपूर्ति पर अधिक निगरानी कर दी है, पानी के सैंपल भरे जा रहे हैं। बताया जा रहा है बाढू गांव में स्थित एक नल पानी के पानी में बैक्टीरिया के लक्षण पाए गए हैं लेकिन अहम बात यह है कि जिस उपभोक्ता के नल के पानी का सैंपल फेल हुआ है, उस घर में परिवार के किसी भी सदस्य में रोग के कोई भी लक्षण नहीं पाए गए हैं। जल शक्ति विभाग के एसडीओ दत्त राम ठाकुर ने बताया कि जल स्रोतों में जिन लोगों ने अपने घर का गंदा पानी छोड़ रखा है, शिनाख्त के बाद उन्हें नोटिस दे दिए गए हैं। चैलचौक और अन्य बाजारों में ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है।
हालातों को देखते हुए विभाग उन लोगों पर विभाग द्वारा कड़ा एक्शन लेने जा रहा है। बीएमओ बगस्याड़ डा. राकेश रोशन भारद्वाज ने कहा कि शुक्रवार को 10 और नए केस सामने आए हैं। 3 मरीज सिविल अस्पताल गोहर में उपचार के लिए भर्ती हैं। लोग उबला हुआ पानी पीएं, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और पीलिया के किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।