Edited By Vijay, Updated: 13 Oct, 2019 07:00 PM

राजधानी शिमला के रिज मैदान पर आपदा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, पुलिस और होमगार्ड जवानों द्वारा लोगों को आपदा से बचने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
शिमला (योगराज): राजधानी शिमला के रिज मैदान पर आपदा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, पुलिस और होमगार्ड जवानों द्वारा लोगों को आपदा से बचने का प्रशिक्षण भी दिया गया। अंतर्राष्ट्रीय प्राकृतिक आपदा न्यूनीकरण दिवस पर प्रदेश भर में इस तरह के कई कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आपदा के समय कैसे बचा जाए, इसको लेकर जागरूक किया गया।

हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा समर्थ अभियान शुरू किया गया है, जिसमें स्कूली छात्रों ने रैली का आयोजन कर लोगों को आपदा से बचने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही हिमाचल के सभी स्कूलों, शिक्षण संस्थानों व सरकारी विभागों में भी आपदा को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएंगी।
जिला प्रशिक्षण समन्वयक आपदा नेहा शर्मा ने कहा कि हर साल 13 अक्तूबर को आपदा दिवस मनाया जाता है। इस बार एक अक्तूबर को ही इसके तहत कार्यक्रम शुरू किए गए हैं और पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक किया गया है इसके अलावा सरकारी दफ्तरों, स्कूलों, कॉलेजो में भी मोक ड्रिल का आयोजन किया गया।
11 अक्तूबर से 13 अक्तूबर तक समर्थ अभियान चलाया गया और लोगों को आपदा से बचने के गुर सिखाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपदा से जोखिम से बचने के लिए 2011 में इस अभियान की शुरूआत की थी। यह अभियान राज्य, जिला व सामुदायिक स्तर पर चलाया जाता है।
