Edited By Vijay, Updated: 01 Apr, 2026 07:40 PM

हिमाचल प्रदेश के होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा विभाग में 700 वालंटियर पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा विभाग में 700 वालंटियर पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। विभाग ने उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 7 अप्रैल कर दिया है। विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों से भर्ती पोर्टल पर तकनीकी और नैटवर्क से जुड़ी समस्याएं आ रही थीं। इस सर्वर डाऊन और ग्लिच के कारण कई योग्य उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन जमा नहीं कर पा रहे थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भी विभाग से आवेदन की तारीख बढ़ाने का आग्रह किया था। छात्रों की इन्हीं परेशानियों और मांग को देखते हुए प्रशासन ने यह अहम निर्णय लिया है।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवेदन केवल विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। यदि कोई उम्मीदवार किसी अन्य माध्यम (ऑफलाइन या डाक) से आवेदन भेजता है, तो उस पर विचार नहीं किया जाएगा और उसे सीधे तौर पर रद्द माना जाएगा।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही सफलतापूर्वक अपना फॉर्म जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही, भर्ती विज्ञापन में जारी की गई अन्य सभी नियम व शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी, उनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
विभाग ने सभी योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना और नैटवर्क की संभावित समस्या से बचने के लिए जल्द से जल्द आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें