Edited By Vijay, Updated: 13 Mar, 2026 11:38 AM

हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा मोचन बल (एचपी एसडीआरएफ) की टीम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है।
शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा मोचन बल (एचपी एसडीआरएफ) की टीम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। टीम ने गाजियाबाद स्थित नैशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फॉर्स (एनडीआरएफ) की 8वीं बटालियन परिसर में बीते 9 से 11 मार्च तक आयोजित राष्ट्रीय सीएसएसआर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है।
हिमाचल की टीम ने लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को जीतकर अपनी दक्षता और पेशेवर क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 30 टीमों ने हिस्सा लिया लेकिन हिमाचल की टीम ने सभी को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इस बार टीम ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
एचपी एसडीआरएफ की टीम ने रैस्क्यू टास्क को महज 41 मिनट में पूरा कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि टीम की उत्कृष्ट तैयारी, तेजी और आपदा प्रबंधन में कुशलता को दर्शाती है। प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में हिमाचल प्रदेश की एसडीआरएफ पहले स्थान पर रही, जबकि उत्तर प्रदेश स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स दूसरे और आंध्र प्रदेश स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसडीआरएफ के एसएसपी अर्जित सेन ठाकुर को केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान महानिदेशक एनडीआरएफ पीयूष आनंद भी मौजूद रहे। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर यह खिताब जीतकर हिमाचल प्रदेश की फोर्स ने खुद को देश की सबसे सक्षम और भरोसेमंद आपदा राहत टीमों में शामिल कर लिया है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here