Edited By Vijay, Updated: 26 Feb, 2026 04:33 PM

हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। गाजियाबाद में आयोजित क्षेत्रीय स्तर की कोलेप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रैस्क्यू (सीएसएसआर) प्रतियोगिता में....
शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। गाजियाबाद में आयोजित क्षेत्रीय स्तर की कोलेप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रैस्क्यू (सीएसएसआर) प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार विजेता का खिताब अपने नाम किया है।
नैशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 23 फरवरी से 26 फरवरी तक चली। इसमें उत्तर भारत की कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें उत्तराखंड (2 टीमें), दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की टीमें शामिल थीं। कड़े मुकाबले में हिमाचल एसडीआरएफ ने सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, उत्तर प्रदेश एसडीआरएफ दूसरे और उत्तराखंड एसडीआरएफ तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में हिमाचल एसडीआरएफ का प्रदर्शन बेहद पेशेवर और तकनीकी रूप से दक्ष रहा। यह एकमात्र ऐसी टीम थी, जिसने निर्धारित कार्य को तय समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया। खास बात यह रही कि टीम ने वर्ष 2025 की क्षेत्रीय प्रतियोगिता में बनाए गए अपने ही समय के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
हिमाचल एसडीआरएफ की इस लगातार दूसरी जीत के पीछे 14वीं एनडीआरएफ (नूरपुर) के कड़े प्रशिक्षण और मार्गदर्शन का अहम योगदान रहा। टीम ने अपनी सफलता का श्रेय बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और तकनीकी दक्षता को दिया है। क्षेत्रीय चैंपियनशिप जीतने के साथ ही हिमाचल एसडीआरएफ ने अब राष्ट्रीय स्तर की सीएसएसआर प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 9 मार्च से शुरू होने जा रही है, जहां हिमाचल की टीम देश की सर्वश्रेष्ठ टीमों के साथ मुकाबला करेगी।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here