Edited By Kuldeep, Updated: 05 Mar, 2026 10:39 PM

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नैटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) तथा इंटर-ऑप्रेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस 2.0) के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश पुलिस ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नैटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) तथा इंटर-ऑप्रेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस 2.0) के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा जारी जनवरी 2026 की प्रगति रैंकिंग के अनुसार हिमाचल प्रदेश ने इन दोनों महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों के संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। रैंकिंग के मुताबिक सीसीटीएनएस के अंतर्गत हिमाचल ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहाड़ी एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान बरकरार रखा है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि प्रदेश के सभी पुलिस थानों में सीसीटीएनएस से जुड़े निर्धारित मानकों और मापदंडों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया गया है।
वहीं आईसीजेएस 2.0 के तहत भी हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। राज्य ने 93.23 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहाड़ी एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों की श्रेणी में तीसरे स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचकर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। इससे पहले दिसम्बर 2025 में प्रदेश के अंक 87.49 प्रतिशत थे, जो अब बढ़कर 93.23 प्रतिशत हो गए हैं। पुलिस मुख्यालय की तरफ से वीरवार को जारी बयान में कहा गया है कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और नवाचार के साथ तकनीक आधारित, पारदर्शी और नागरिकों के प्रति संवेदनशील पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।