Edited By Kuldeep, Updated: 04 Jun, 2025 06:32 PM

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भारत की ओर से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के अंतर्गत 4 देशों कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया व मिस्र के सफल दौरे में विभिन्न आधिकारिक बैठकों के दौरान भारत का पक्ष रखते हुए आतंकवाद पर पाकिस्तान...
हमीरपुर (राजीव): पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भारत की ओर से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के अंतर्गत 4 देशों कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया व मिस्र के सफल दौरे में विभिन्न आधिकारिक बैठकों के दौरान भारत का पक्ष रखते हुए आतंकवाद पर पाकिस्तान का चेहरा बेनकाब किया। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता सदा से भारत की पहचान रही है। पहलगाम में आतंकी घटना पर भारत की कार्रवाई ऑप्रेशन सिंदूर की सफलता व आतंक को पालने-पोसने वाली पाकिस्तान की नीति को दुनिया के सामने उजागर करने के लिए भारत की अलग-अलग पार्टियों विचारधाराओं के गण्यमान्यों ने दुनिया के समक्ष पूरी मजबूती से भारत का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से 7 समूहों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण विश्व के कई देशों की अपनी सफल यात्रा के दौरान तथ्यों के साथ पाकिस्तान में चल रहे आतंकी अड्डों में सरकार और सेना की मिलीभगत की जानकारी देते हुए पाकिस्तान को आतंकवाद को पालने-पोसने वाला देश प्रमाणित किया है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न पार्टियों, अलग विचारधाराओं, बोली संस्कृति के बावजूद भारतीय सांसदों की आतंकवाद पर एकजुटता की विश्व भर में सराहना हो रही है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ग्रुप-7 की चार देशों की यात्रा में कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया व मिस्र आतंकवाद के खिलाफ हमारे साथ एकजुटता से खड़े हैं और वे भी आतंकवाद को वैश्विक खतरा मानते हैं। भारत के पास पाकिस्तान सरकार द्वारा आतंकवाद को बढ़ावा दिया जाता है इसके पर्याप्त सबूत हैं। उन्होंने कहा कि पानी और खून साथ नहीं चल सकता और भारत अपने इस निर्णय पर अडिग है।