Edited By Kuldeep, Updated: 03 Jun, 2025 07:52 PM

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के ग्रुप-7 सांसदों के साथ अफ्रीकी देश मिस्र के दौरे पर हैं।
हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के ग्रुप-7 सांसदों के साथ अफ्रीकी देश मिस्र के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने लीग ऑफ अरब स्टेटस के महासचिव महामहिम अहमद अबुल घीत, मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती, मीडिया व मिस्र के प्रबुद्धजनों के साथ भेंट कर भारत के व्यापक राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक मीडिया सहयोग, भारत-अरब एनर्जी फोरम, जुड़ाव पर चर्चा कर आतंकवाद से निपटने के लिए भारत के एकीकृत रुख और सामूहिक दृढ़संकल्प को रेखांकित किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत और अरब पुराने रणनीतिक, व्यापारिक व सांस्कृतिक सांझेदार हैं। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विश्व के लिए गंभीर चुनौती है और आतंकवाद से मुकाबले पर भारत की कार्रवाई को अरब लीग ने अपनी सहमति दी है।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में दोनों पक्षों ने अपने-अपने देशों और क्षेत्रों में आतंकवादी खतरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान के हाथ 9/11 से लेकर 26/11, पठानकोट, उरी व पहलगाम जैसे अनेक जघन्य आतंकी हमलों में शामिल हैं। पहलगाम आतंकी हमले की जिम्मेदारी भी पाकिस्तान के आतंकी संगठन ने ली और इस आतंकी हमले के बाद जब पाकिस्तान ने कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूरी में भारत को ऑप्रेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवादियों को उनके किए की सजा देनी पड़ी। इस अवसर पर अहमद अबुल घीत ने पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी हमले की निंदा करते हुए भारत के प्रति अपना सहयोग और समर्थन दिखाया है। भारत और मिस्र ने सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद का मुकाबला करने में संयुक्त प्रयासों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की है।