Edited By Kuldeep, Updated: 18 Jul, 2025 07:11 PM

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने चंडीगढ़ में वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न हिमाचली कल्याणकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों की बैठक में हिमाचल के हित में अपने विचार रख एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के अन्तर्गत पौधारोपण किया।
हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने चंडीगढ़ में वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न हिमाचली कल्याणकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों की बैठक में हिमाचल के हित में अपने विचार रख एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के अन्तर्गत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने कंटैंट क्रिएटर्स से सामाजिक जागरूकता व हिमाचली संस्कृति खान-पान को बढ़ावा देने वाले कंटैंट्स को बनाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोगों ने अपनी मेहनत के दम पर दुनिया भर में अपनी एक सशक्त पहचान बनाई है।
हिमाचल के लोगों की छवि ईमानदार, न्यायप्रिय और कानून को मानने वाले नागरिक के तौर पर होती है, भारत की विकास यात्रा में हिमाचल प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान है। यह हमारा गौरव और हमारी ताकत है। चंडीगढ़ व देश के अन्य हिस्सों में हिमाचलियों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे विभिन्न संगठन हम सबके अंदर एकजुटता को बढ़ाने व अपने प्रदेश की संस्कृति, परंपरा व गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। हमें जीवन में अपने हर कदम पर खुद से यह दोहराते रहना है कि हमारे लिए हिंदुस्तान प्रथम, फिर हिमाचल, अंत में हम की भावना होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठनों में काम करने के दौरान हमारी सोच और राय भिन्न हो सकती है, मगर जहां हिमाचल और हिमाचली अस्मिता की बात आए वहां पर एकजुटता दिखाना ही हमारा धर्म है। आज हिमाचल के जख्मों को भरने के लिए हर जगह से हिमाचली पूरी एकजुटता से अपनी क्षमता अनुसार मदद कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने 11 वर्ष पूरे किए हैं, तो उसका सुखद परिवर्तन पूरे देश ने देखा है। कंटैंट क्रिएटर्स से मेरा अनुरोध है कि वे सामाजिक जागरूकता, हिमाचली संस्कृति व खान-पान को बढ़ावा देने वाले कंटैंट्स को बनाने पर जोर दें ताकि दुनिया भर को हिमाचल से जुड़ी दुर्लभ जानकारियों का पता चल सके।