Edited By Jyoti M, Updated: 12 Feb, 2026 01:53 PM

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के हमीरपुर डिपो की एक बस में सवार यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन कुछ खौफनाक अनुभव वाला रहा। गलोड़ से शिमला जा रही इस बस का चालक यात्रियों को मझधार में छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद निगम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए आरोपी चालक...
हिमाचल डेस्क। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के हमीरपुर डिपो की एक बस में सवार यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन कुछ खौफनाक अनुभव वाला रहा। गलोड़ से शिमला जा रही इस बस का चालक यात्रियों को मझधार में छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद निगम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए आरोपी चालक को सस्पेंड कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
हमीरपुर डिपो की एक बस (गलोड़-शिमला रूट) अपनी मंजिल की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही बस घुमारवीं के पास पहुंची, वहां का मंजर देखकर हर कोई हैरान रह गया। यात्रियों के अनुसार, चालक जुम्मी मोहम्मद (निवासी बरठीं कोटलू) की हालत सामान्य नहीं थी। बस की अनियंत्रित रफ्तार और चालक के व्यवहार को देखकर सवारियों को किसी बड़े हादसे का डर सताने लगा।
जब यात्रियों ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए चालक को टोकना शुरू किया और उसे सही ढंग से वाहन चलाने की नसीहत दी, तो ड्राइवर ने जिम्मेदारी निभाने के बजाय बीच रास्ते में ही बस खड़ी कर दी और वहां से भाग खड़ा हुआ।
यात्रियों का आरोप: नशे की हालत में था ड्राइवर
बस में सवार लोगों का कहना है कि चालक पूरी तरह नशे में धुत था और बस पर उसका नियंत्रण नहीं था। ड्राइवर के अचानक भाग जाने से काफी देर तक यात्री बीच सड़क पर फंसे रहे, जिससे उनमें निगम की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा रोष देखने को मिला।
प्रशासन की कार्रवाई
काफी इंतजार के बाद जब चालक वापस नहीं लौटा, तो परिचालक (कंडक्टर) ने तुरंत हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) राहुल कुमार को इस अराजकता की जानकारी दी। निगम प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक जुम्मी मोहम्मद को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। फंसे हुए यात्रियों को शिमला पहुंचाने के लिए आनन-फानन में दूसरे चालक का प्रबंध कर बस को रवाना किया गया। इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत के लिए निगम ने घुमारवीं पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत भी दर्ज करवाई है।
राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, HRTC हमीरपुर का कहना है कि "हमने आरोपी चालक को निलंबित कर दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।"