Edited By Jyoti M, Updated: 29 Mar, 2025 04:21 PM

चंडीगढ़ में स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के कैंपस में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के शो के दौरान एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। शो के दौरान 2 गुटों के बीच हुए विवाद में हिमाचल प्रदेश के आदित्य ठाकुर नामक छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।
हिमाचल डेस्क। चंडीगढ़ में स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के कैंपस में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के शो के दौरान एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। शो के दौरान 2 गुटों के बीच हुए विवाद में हिमाचल प्रदेश के आदित्य ठाकुर नामक छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आदित्य की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक देर रात पंजाब यूनिवर्सिटी के कैंपस में एक स्किट्रोन कार्यक्रम के तहत नाइट शो चल रहा था। इस दौरान स्टेज के पीछे युवकों के दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया और यह विवाद धीरे-धीरे हिंसा में बदल गया। इस हिंसा के दौरान आदित्य ठाकुर पर चाकू से हमला कर दिया गया।
म्यूजिक के शोर में यह हंगामा छिपा रहा और बाद में जब स्थिति गंभीर हुई, तब घटना की जानकारी मिली। इसके बाद घायल आदित्य को तुरंत चंडीगढ़ के पीजीआई में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बहने के कारण कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हमले में आदित्य के अलावा 2 और छात्र अनिरुद्ध और अजुर्न भी घायल हुए हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आदित्य ठाकुर चंडीगढ़ में यूनिवर्सिटी के यूआईटी में सैकेंड ईयर का छात्र था। उसकी उम्र 22 वर्ष थी। आदित्य के पिता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे, लेकिन वे लंबे समय से पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा क्षेत्र में रह रहे थे और वर्तमान में नालागढ़ में काम करते हैं।
घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना के बाद अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक हमलावर बाहर से आए हुए लोग थे। ये आरोपी आदित्य और उसके दोस्तों पर हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। इस घटना से पंजाब यूनिवर्सिटी में सुरक्षा के कड़े सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि शो में आऊटसाइडर लोग भी शामिल थे और यह सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।