Edited By Vijay, Updated: 03 Mar, 2025 04:28 PM

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां चिंतपूर्णी मंदिर में सोमवार को पंजाब के एक श्रद्धालु ने अपनी आस्था और भक्ति का अनमोल प्रतीक प्रस्तुत किया। श्रद्धालु ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में 1 किलो 440 ग्राम चांदी का भव्य छत्र अर्पित किया...
चिंतपूर्णी (सुनील): हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां चिंतपूर्णी मंदिर में सोमवार को पंजाब के एक श्रद्धालु ने अपनी आस्था और भक्ति का अनमोल प्रतीक प्रस्तुत किया। श्रद्धालु ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में 1 किलो 440 ग्राम चांदी का भव्य छत्र अर्पित किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है। इस पावन दान की जानकारी मंदिर के पुजारी कुणाल कालिया ने दी। मंदिर प्रशासन के अनुसार यह छत्र भव्य कारीगरी का उत्कृष्ट नमूना है और इसे शुद्ध चांदी से विशेष रूप से मां चिंतपूर्णी के दरबार के लिए तैयार किया गया है। यह भेंट न केवल दानशीलता का प्रतीक है, बल्कि मां के प्रति भक्तों की अटूट श्रद्धा को भी दर्शाती है।
चिंतपूर्णी मंदिर की बढ़ती प्रसिद्धि
चिंतपूर्णी मंदिर देशभर में अपनी चमत्कारी मान्यताओं और विशाल भक्त संख्या के कारण प्रसिद्ध है। यह मंदिर न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के भक्तों के लिए भी आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि मां चिंतपूर्णी के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूरी होती है।
प्रदेश में सबसे अधिक आमदनी वाला मंदिर
मंदिर की आमदनी को लेकर बात करें तो यह प्रदेश का सबसे अधिक राजस्व प्राप्त करने वाला धार्मिक स्थल है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और माँ को भेंटस्वरूप नकद, सोना-चांदी, वस्त्र और अन्य बहुमूल्य उपहार अर्पित करते हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा प्राप्त दान का उपयोग मंदिर की सेवा, सुविधाओं के विकास और सामाजिक कार्यों में किया जाता है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here