Himachal: सुक्खू की दिल्ली में गडकरी, शेखावत व नीति आयोग के साथ बैठक, इन क्षेत्रों में मांगा सहयोग

Edited By Vijay, Updated: 24 Oct, 2024 10:14 PM

cm sukhwinder singh sukhu

हिमाचली हितों की पैरवी करने के लिए नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिन भर केंद्रीय मंत्रालयों एवं नीति आयोग के साथ बैठक में व्यस्त रहे।

शिमला (कुलदीप): हिमाचली हितों की पैरवी करने के लिए नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिन भर केंद्रीय मंत्रालयों एवं नीति आयोग के साथ बैठक में व्यस्त रहे। उन्होंने जहां केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सड़क, पुल, रज्जू मार्ग व सुरंग निर्माण तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से पर्यटन क्षेत्र में सहयोग मांगा। उन्होंने वनों व प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की एवज नीति आयोग से ग्रीन बोनस की वकालत भी की। मुख्यमंत्री ने नितिन गडकरी से राज्य में 4 नई सड़क परियोजनाओं के निर्माण संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत किए तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को प्रदेश में यथा संभव सुरंगें निर्मित करने की संभावनाओं को तलाशने का आग्रह किया।

उन्होंने सोलन-परवाणू सड़क मार्ग के रिअलाइनमैंट की समीक्षा करने और दुर्घटना संभावित स्थानों को ध्यान में रखते हुए नई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग के शेष हिस्सों को 4 लेन बनाने का भी आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश सरकार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट करके प्रदेश में नए और एकीकृत पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए प्रदेश को सहयोग प्रदान करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस संबंध में शीघ्र ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जिला कांगड़ा के देहरा में आरोग्य केंद्र और हैल्थ रिजॉर्ट तथा जिला बिलासपुर के औहर में एकीकृत पर्यटन परिसर के निर्माण के लिए सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भाखड़ा तथा पौंग बांध में जल क्रीड़ा संबंधी गतिविधियों की अपार संभावना है। कांगड़ा एयरपोर्ट को विस्तार प्रदान करने के साथ-साथ राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में हैलीपोर्ट निर्मित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को विस्तार प्रदान करने के उद्देश्य से नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश में गोल्फ कोर्स के निर्माण में सहयोग और वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वदेश दर्शन 2.0 के अन्तर्गत पौंग बांध जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में चयनित किया गया है। उन्होंने पर्यटन परियोजना के क्रियान्वयन के लिए शीघ्र धनराशि प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रसाद योजना के अंतर्गत चिंतपूर्णी मंदिर परिसर को विकसित करने के लिए एक संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी गई है। उन्होंने इसके लिए धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने उचित स्तर पर एक माह के भीतर पर्यटन केंद्रों के निर्माण संबंधी परियोजनाओं और इनकी शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी, आयोग के सदस्य वी.के. पाल और विशेषज्ञों के पैनल के साथ विशेष बैठक की। उन्होंने इस दौरान वन क्षेत्र तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की एवज प्रदेश को ग्रीन बोनस देने की वकालत की। उन्होंने नीति आयोग से हिमाचल प्रदेश की विशेष जरूरतों का अध्ययन करने और वित्त पोषण एजैंसियों तथा वित्तायोग के समक्ष हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की तरफ से क्रियान्वित की जा रही जल विद्युत परियोजनाओं की रॉयलटी में प्रदेश के उचित हिस्से की आवश्यकता पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रीन हिमाचल के विजन पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने राज्य के लिए बेहतर हवाई और रेल सम्पर्क की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने राज्य में प्राकृतिक आपदाओं और कैंसर के बढ़ते मामलों की चुनौतियों पर भी चर्चा की और इसके समाधान के लिए कारणों पर विस्तृत अध्ययन करवाने का आग्रह किया। नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा कि विशेषज्ञों का एक पैनल हिमाचल प्रदेश की तरफ से प्रस्तुत मामलों का अध्ययन करेगा। मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर एवं प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री इसके अतिरिक्त हिमाचल निकेतन भी गए तथा वहां पर निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!