Edited By Vijay, Updated: 18 Jul, 2025 07:02 PM

हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राज्य की छवि को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं पर मुख्यमंत्री ने चिंता जताई है।
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राज्य की छवि को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं पर मुख्यमंत्री ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर हिमाचल की स्थिति को एकतरफा और नकारात्मक ढंग से पेश कर रहे हैं, जिससे प्रदेश के पर्यटन उद्योग को भारी नुक्सान हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हालांकि मंडी जिले के कुछ क्षेत्रों में बादल फटने जैसी घटनाएं जरूर हुई हैं, लेकिन शिमला, कांगड़ा और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पूरी तरह सुरक्षित हैं और यहां सामान्य जनजीवन जारी है। उन्होंने कहा कि पर्यटक बिना किसी भय के हिमाचल आ सकते हैं और यहां की सुंदर वादियों का आनंद ले सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मानसून के इस मौसम में हिमाचल की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर जाता है, जो पर्यटकों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के पर्यटकों से हिमाचल आने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी को बचाए रखने की जरूरत पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि झूठी खबरें और अफवाहें न सिर्फ राज्य की छवि को धूमिल कर रही हैं, बल्कि हजारों लोगों की आजीविका पर भी असर डाल रही हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि सही और संतुलित जानकारी सामने लाई जाए, ताकि हिमाचल पर्यटन को फिर से गति मिल सके। मुख्यमंत्री ने मीडिया और आम लोगों से भी अपील की कि वे तथ्यात्मक जानकारी ही सांझा करें और अफवाहों से बचें, ताकि पर्यटकों का विश्वास बना रहे और राज्य का पर्यटन क्षेत्र फिर से रफ्तार पकड़ सके।