Edited By Vijay, Updated: 09 Nov, 2023 06:10 PM

दिल्ली स्थित एम्स में बीते 15 दिनों से उपचाराधीन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को शिमला लौटेंगे। सीएम का स्वास्थ्य अब पूरी तरह से ठीक है। हालांकि डाॅक्टरों ने उन्हें अभी कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है।
शिमला (राक्टा): दिल्ली स्थित एम्स में बीते 15 दिनों से उपचाराधीन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को शिमला लौटेंगे। सीएम का स्वास्थ्य अब पूरी तरह से ठीक है। हालांकि डाॅक्टरों ने उन्हें अभी कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है। सीएम का शुक्रवार दोपहर बाद साढ़े 3 बजे शिमला पहुंचने का कार्यक्रम है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की भी पूरी तैयार कर ली है। सूचना के अनुसार ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया जाएगा।
पहले आईजीएमसी शिमला में करवाया था भर्ती, फिर एम्स दिल्ली किया शिफ्ट
बता दें कि अस्वस्थ होने के चलते बीते 25 अक्तूबर को उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज (आईजीएमसी) शिमला में भर्ती करवाया गया था। यहां उनसे मिलने वालों की भारी भीड़ लग रही थी, ऐसे में उन्हें दिल्ली एम्स ले जाने का निर्णय लिया गया और अब स्वास्थ्य लाभ के बाद वह शिमला लौटेंगे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सीएम शुक्रवार को शिमला लौटने पर सचिवालय जाएंगे या नहीं। माना जा रहा है कि वह कुछ दिनों तक आराम करेंगे। ऐसे में वह अपने सरकारी आवास ओकओवर से ही महत्वपूर्ण कामकाज निपटाएंगे।
प्रतिभा-विक्रमादित्य सिंह ने जाना कुशलक्षेम
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ ही लोक निर्माण मंंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को दिल्ली एम्स जाकर सीएम सुक्खू से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। प्रतिभा सिंह ने बताया कि सीएम अब बिल्कुल स्वस्थ हैं। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सीएम के साथ संगठनात्मक विषयों के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
क्या बोले नरेश चौहान
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को शिमला लौट रहे हैं। प्रदेशवासियों के साथ ही सीएम के शुभचिंतकों के लिए ये खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि सीएम का दोपहर बाद शिमला पहुंचने का कार्यक्रम है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here