Edited By Vijay, Updated: 07 Apr, 2026 02:40 PM

हिमाचल प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आगामी 15 अप्रैल को मनाए जाने वाले हिमाचल दिवस समारोह को लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। अति आवश्यक श्रेणी में जारी इस अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय कार्यक्रमों में...
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आगामी 15 अप्रैल को मनाए जाने वाले हिमाचल दिवस समारोह को लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। अति आवश्यक श्रेणी में जारी इस अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय कार्यक्रमों में कौन-कौन से वीआईपी और मंत्री बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह किन्नौर जिले के मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित मिनी स्टेडियम ग्राऊंड में आयोजित किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे, जबकि प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी उनके साथ विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष हमीरपुर तो डिप्टी सीएम शिमला में करेंगे अध्यक्षता
जिला स्तरीय कार्यक्रमों के जारी रोस्टर के अनुसार, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया हमीरपुर जिले में आयोजित होने वाले हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। वहीं, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री राजधानी शिमला में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्यातिथि होंगे।
मंत्रियों को सौंपी गई इन जिलों की जिम्मेदारी
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल बिलासपुर जिले में कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार कांगड़ा जिले के धर्मशाला में ध्वजारोहण करेंगे।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सिरमौर जिले के नाहन में आयोजित समारोह की कमान संभालेंगे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को ऊना जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी जिले में समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी चंबा जिले में मुख्यातिथि होंगे।
आयुष मंत्री यादविंदर गोमा जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
पर्यटन बोर्ड के उपाध्यक्ष सोलन तो विधायक कुल्लू में होंगे मुख्यातिथि
कैबिनेट मंत्रियों के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली सोलन जिले में होने वाले समारोह की अध्यक्षता करेंगे। वहीं, कुल्लू जिले में आयोजित होने वाले हिमाचल दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर करेंगे।
सभी डीसी-एसपी को निर्देश जारी
सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव (अनिल कुमार) के हस्ताक्षर से जारी ये आदेश हिमाचल प्रदेश के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को भेज दिए गए हैं। प्रशासन को आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अधिसूचना 28 मार्च को जारी किए गए पिछले संदेश की निरंतरता में जारी की गई है। इस आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई और सूचनार्थ के लिए राज्यपाल के सचिव, डीजीपी, सीआईडी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, सभी मंडलायुक्तों, विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों, दूरदर्शन/आकाशवाणी और सभी प्रशासनिक सचिवों सहित कुल 21 संबंधित कार्यालयों को प्रेषित की गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें