Edited By Vijay, Updated: 12 Jun, 2025 06:12 PM

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुजरात के अहमदाबाद में हुई दर्दनाक विमान दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुजरात के अहमदाबाद में हुई दर्दनाक विमान दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि यह घटना मन को व्यथित करने वाली है। उन्होंने प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाऊंट पर एक भावुक संदेश सांझा करते हुए लिखा है कि "अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना की खबर अत्यंत दुःखद और मन को व्यथित करने वाली है। इस संकट की घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए मैं प्रार्थना करता हूं। ईश्वर सभी को संबल और साहस प्रदान करें, ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें।"
मुख्यमंत्री सुक्खू ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पूरे देश को झकझोर देती हैं और हम सभी को एकजुट होकर प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
बता दें कि अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में वीरवार को दोपहर के समय एयर इंडिया का लंदन जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में घायल को लाया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद पुलिस और एंबुलैंस मौके पर पहुंचीं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं या हताहत हुए हैं।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक